डीडवाना की उभरती साइक्लिस्ट किंजल प्रजापत ने एक बार फिर अपने शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश की वादियों में आयोजित राष्ट्रीय माउंटेन बाइक प्रतियोगिता में किंजल ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए दमदार प्रदर्शन किया। ऊबड़-खाबड़ पहाड़ियों और चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर साइकिल दौड़ाते हुए उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अभ्यास का परिचय दिया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता हर वर्ष Cycling Federation of India (सीएफआई) द्वारा आयोजित की जाती है, जिसमें देशभर से सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं। पहाड़ों की कठिन चढ़ाइयों और तीखे मोड़ों के बीच अपनी तकनीक और संतुलन साबित करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी परीक्षा होती है, और किंजल ने इस चुनौती को पूरे आत्मविश्वास के साथ स्वीकार किया।

डीडवाना स्थित पूजा एकेडमी विद्यालय की छात्रा किंजल पिछले कई वर्षों से साइक्लिंग में निरंतर अभ्यास कर रही हैं। उनके प्रशिक्षक पीटीआई शर्मिला प्रजापत ने बताया कि किंजल बचपन से ही खेल के प्रति समर्पित रही हैं और नियमित प्रशिक्षण के साथ-साथ फिटनेस पर विशेष ध्यान देती हैं। यही अनुशासन उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक लेकर गया।
किंजल के डीडवाना लौटने पर खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने इसे शहर के लिए गर्व का क्षण बताया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में किंजल अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी राजस्थान का परचम लहराएंगी।
