राजस्थान बास्केटबॉल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ प्रदेश स्तरीय साधारण सभा डीडवाना नगर परिषद सभागार में आयोजित हुई, जहां प्रदेश के तकरीबन सभी जिलों से अध्यक्ष और सचिव मौजूद रहे। बैठक में संगठन की मजबूती, खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान आज भारतीय बास्केटबॉल में एक अहम कड़ी बन चुका है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य का बास्केटबॉल निरंतर प्रगति कर रहा है और एशियाई स्तर तक अपनी पहचान बना रहा है।
आरबीए एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि टीम भावना, आपसी सम्मान और सहयोग ही संघ की सबसे बड़ी ताकत है। चेयरमैन विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि यह साधारण सभा आगामी कार्यकारिणी चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई है। प्रदेश के कोने-कोने से डीडवाना पहुंची भागीदारी संगठन की सक्रियता को दर्शाती है।

इस दौरान राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर लौटी टीम के खिलाड़ियों को भारतीय बास्केटबॉल संघ (बीएफआई) द्वारा प्रदत्त इनामी राशि के चेक भी वितरित किए गए।
नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि संघ की नई कार्यकारिणी के चुनाव आगामी 22 मार्च को उदयपुर में संपन्न होंगे। अध्यक्ष, सचिव सहित पूरी कार्यकारिणी का निर्वाचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चुनाव प्रत्येक चार वर्ष में होते हैं और इस बार आयोजन उदयपुर में तय किया गया है। प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत ने उम्मीद जताई कि पूर्व की भांति इस बार भी सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन होगा।
सभा में खेल अधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़, देवेंद्र सिंह (जोधपुर), शशिकांत चतुर्वेदी, राष्ट्रीय प्रशिक्षक भंवर सिंह शेखावत, कृष्ण कुमार (गंगानगर), विकास अग्रवाल (हनुमानगढ़), हीरेन्द्र सिंह राठौड़ (अजमेर), मोहम्मद हनीफ खान (बारां), कैलाश भाकर (पाली), महेन्द्र विक्रम सिंह, रणजीत सिंह (सीकर), गंगा सिंह शेखावत (बीकानेर), भगवती प्रसाद पारीक (चूरू), पन्ना लाल सैनी, पुष्पेंद्र चौधरी (अलवर), सत्यनारायण (टोंक) और जीतेन्द्र सिंह (धौलपुर) सहित प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद रहे।

साधारण सभा ने यह संदेश दिया कि राजस्थान में बास्केटबॉल का कारवां मजबूती से आगे बढ़ रहा है और 22 मार्च को उदयपुर में होने वाले चुनाव के साथ संगठन एक नए अध्याय की ओर कदम बढ़ाएगा।
