मारोठ में एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, डीजल भी उड़ा ले गए चोर; आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दी आंदोलन की चेतावनी


डीडवाना – कुचामन जिले के मारोठ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सोलाया पंचायत के जिनवार डारा का बास में अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, जाते-जाते चोर गांव में खड़ी एक निजी स्कूल बस से करीब 10 हजार रुपये का डीजल भी निकाल ले गए।
सुबह करीब 5 बजे जैसे ही चोरी की खबर गांव में फैली, लोग घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रशासक प्रतिनिधि भागीरथ चौधरी के अनुसार, नरेंद्र सिंह कान सिंह के घर से सोने की चार अंगूठियां, एक चेन, एक लॉकेट, दो जोड़ी पाजेब, चार कड़े और करीब 80 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। इसके साथ ही घर के बाहर खड़ी टैगोर स्कूल की बस से डीजल भी निकाल लिया गया।


वहीं रतनलाल शर्मा के घर से चांदी की पाजेब, अंगूठियां, बिछुड़ी, सोने-चांदी की फ्रेम सहित करीब 28 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। ईश्वरराम जाट के घर से भी लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने परिवार के सदस्यों पर पत्थर फेंके और महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की भी की। ऐसे में ग्रामीण इस घटना को महज चोरी नहीं बल्कि डकैती का मामला मान रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते विरोध नहीं किया जाता तो कोई बड़ी वारदात भी हो सकती थी।
घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, दोपहर में मारोठ थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर धरना दे दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरियों पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम रही है। उन्होंने चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो गुरुवार से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसमें सोलाया पंचायत सहित आसपास के हजारों लोग शामिल होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुचामन डिप्टी मुकेश चौधरी स्वयं मारोठ पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


थानाधिकारी महावीर कुमार मीणा ने बताया कि घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan