नागौर देहात भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं सरपंच प्रतिनिधि विजय सिंह पलाड़ा को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने तथा शहर के अन्य व्यापारियों को बार-बार रंगदारी की धमकियां मिलने के विरोध में मंगलवार 17 फरवरी 2026 को कुचामन बंद और धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। यह आंदोलन सर्व समाज द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, 17-02-2026 को प्रातः 10 बजे सभी नागरिक किनोई पार्क में एकत्रित होंगे। वहां से रैली के रूप में पुलिस थाने तक पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रातः 11 बजे से पुलिस थाने के सामने आयोजित होगा, जबकि कुचामन बंद मध्यान्ह 1 बजे तक रखा जाएगा।

भंवर सिंह पलाड़ा ने की उच्च अधिकारियों से वार्ता
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई विजय सिंह पलाड़ा को रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे वीरेंद्र चारण द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है।
भंवर सिंह पलाड़ा ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने इस प्रकरण में राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा, DGP संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वी.के. सिंह, ADGP SOG विशाल बंसल, ADGP क्राइम हवा सिंह घुमरिया, एंटी गैंगस्टर टास्क ग्रुप (AGTG) के ADGP दिनेश एम.एन. तथा अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह चौधरी से बात कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भंवर सिंह पलाड़ा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी आग्रह किया कि प्रदेश में बढ़ती रंगदारी और धमकी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
युवा नेता शूरवीर सिंह पलाड़ा ने कहा कि यह आयोजन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा और सम्मान के लिए है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि शिक्षा नगरी कुचामन की शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आंदोलन को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाएगा।

आंदोलन की रूपरेखा
तारीख: 17 फरवरी 2026
समय: प्रातः 10 बजे किनोई पार्क में एकत्रीकरण
धरना: प्रातः 11 बजे से पुलिस थाने के सामने
कुचामन बंद: मध्यान्ह 1 बजे तक
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण रहेगा और इसका उद्देश्य केवल शहर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
