कुचामन नगर परिषद में गुरुवार शाम आयोजित हुए पार्षदों के विदाई समारोह एवं विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम का कांग्रेस पार्षद दल ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि नगर परिषद के कांग्रेसी बोर्ड के कार्यकाल में पारित विकास कार्यों का राजनीतिक प्रचार किया जा रहा है और निर्वाचित पार्षदों के कार्यकाल पूर्ण होने के पश्चात विदाई समारोह को जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया गया है।
कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल के कार्यों पर भाजपा की छाप का आरोप
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि कुचामन नगर परिषद में 27 जनवरी 2021 से 27 जनवरी 2026 तक लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित कांग्रेस का ही बोर्ड रहा है। इस दौरान नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न मंदिरों, धार्मिक स्थलों और अन्य करोड़ों रुपए के विकास कार्य पारित किए गए थे। अब उन्हीं कार्यों को भाजपा की छाप लगाकर लोकार्पण, शिलान्यास और विदाई समारोह के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।

तथाकथित सभापति का विदाई समारोह ,महज नौटंकी – हेमराज चावला
कार्यक्रम का विरोध जताते हुए पूर्व उपसभापति हेमराज चावला ने कहा कि कुचामन नगर परिषद बोर्ड पार्षदों का चुनाव 27 जनवरी 2021 को हुआ था और वैधानिक रूप से कार्यकाल 27 जनवरी 2026 को ही पूर्ण हो चुका है। अंत तक कांग्रेस का ही निर्वाचित बोर्ड रहा। बिना निर्वाचित और अवैध रूप से थोपे गए तथाकथित सभापति का विदाई समारोह पूरी तरह गलत है। विदाई निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की होती है, मनोनीत की नहीं।
132 दिनों का कार्यकाल ‘काला अध्याय’ – सुतेन्द्र सारस्वत
कुचामन नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत ने कहा कि 27 जनवरी 2021 से 27 जनवरी 2026 तक कुचामन नगर परिषद में लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित सभापति आसिफ खान और उपसभापति हेमराज चावला रहे। लेकिन राजनीतिक द्वेष और सत्ता की लालसा के चलते एक सफाईकर्मी की पदोन्नति और उपसभापति की पैतृक पट्टाशुदा भूमि के मामले में अनैतिक तरीके से दोषी ठहराकर सत्ता का दुरुपयोग किया गया। कांग्रेस बोर्ड के अंतिम 132 दिनों में अलोकतांत्रिक तरीके से दोनों को निलंबित कर भाजपा के एक पार्षद को मनोनीत सभापति बना दिया गया। ये 132 दिन कुचामन नगर परिषद के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज रहेंगे।
अनियमितताओं और अवैध वसूली के गंभीर आरोप
पार्षद मोहम्मद फारूख शेख (टाक) ने कहा कि तथाकथित मनोनीत सभापति के 132 दिनों के कार्यकाल में विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पार्क देखरेख, कृषि भूमि को स्वमोटो करने, पट्टे जारी करने और कृषि भूमि पर अवैध कब्जे कराकर अवैध पट्टे देने के नाम पर रिकॉर्डतोड़ अनियमितताएं और अवैध वसूली की गई। इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराना बेहद आवश्यक है।

कांग्रेसी वार्डों के कार्यों की निविदाएं तक नहीं
कांग्रेस पार्षद जवाना राम ने आरोप लगाया कि कई कांग्रेसी वार्डों के विकास कार्यों की निविदाएं तक आमंत्रित नहीं की गईं, जो पूरी तरह पक्षपातपूर्ण और जनविरोधी रवैया है।
कार्यक्रम विदाई का नहीं बल्कि राजनीतिक प्रचार का – सुभाष पावड़िया
कांग्रेस पार्षद सुभाष पावड़िया ने कहा कि यह कार्यक्रम विकास का नहीं बल्कि राजनीतिक प्रचार का मंच बनाया जा रहा है। कांग्रेस बोर्ड द्वारा पारित कार्यों को अपना बताकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। इसी अन्याय और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल ने विदाई समारोह का बहिष्कार किया है।
इन पार्षदों ने किया बहिष्कार
बहिष्कार करने वालों में फजलुर्रहान कुरैशी, सुभाष पावड़िया, श्यामलाल बागड़ा, अंकित डालुका, सिंजारी देवी, शाहरूख, मोहम्मद फारूख, बुन्दू अली, सम्पत देवी चावला, समदर राम, संजना, सुमन, संतोष देवी, जवानाराम, फूलचन्द, ललिता वर्मा, अब्दुल फैशल, अयुब तेली, शाहीन कुरैशी, नजराना खानम, इकराम भाटी, नाजिया खान सहित कई कांग्रेस पार्षद शामिल रहे।
