कुचामन नगर परिषद में पार्षदों का विदाई समारोह संपन्न, 70 से अधिक विकास कार्यों का राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया वर्चुअल शिलान्यास

कुचामन नगर परिषद में पार्षदों का कार्यकाल खत्म होने के बाद  आयोजित विदाई समारोह गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति  सुरेश सिखवाल का शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं तथा अलग-अलग समुदायों की संस्थाओं की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसी क्रम में नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया का भी सम्मान  और अभिनंदन किया गया।

आयुक्त ने किया पार्षदों का स्वागत व अभिनंदन

कार्यक्रम में नगर परिषद की ओर से आयुक्त शिकेश कांकरिया ने उपस्थित पार्षदों का स्वागत करते हुए उन्हें विदाई दी। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने अपने कार्यकाल में शहर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को मजबूती से रखा तथा नगर परिषद के कार्यों में सक्रिय सहयोग किया। आयुक्त ने पार्षदों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कई पार्षद रहे अनुपस्थित

विदाई समारोह के दौरान कांग्रेस के सभी पार्षदों के साथ-साथ कुछ भाजपा एवं निर्दलीय पार्षद भी कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे, जिससे आयोजन को लेकर अलग-अलग राजनीतिक चर्चाएं भी देखने को मिलीं।

राजस्व राज्य मंत्री ने किया वर्चुअल शिलान्यास

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री  विजय सिंह चौधरी, राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही देर तक चलने के कारण समय पर कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके। इसके चलते उन्होंने कुचामन नगर परिषद क्षेत्र में 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 70 से ज्यादा विकास कार्यों का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में विभिन्न धार्मिक स्थल, सार्वजनिक सुविधाएं एवं अन्य आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं।

मंच पर ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में नावां से भाजपा नेता राजेश गुर्जर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अनिल सिंह मेड़तिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मारवाड़ा, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया एवं सभापति सुरेश सिखवाल मंचस्थ रहे।

वक्ताओं ने रखे विचार, स्व. हरीश कुमावत को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम को भाजपा नेता राजेश गुर्जर, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल, पार्षद खेताराम सहित विभिन्न वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के ‘भीष्म पितामह’ के नाम से प्रसिद्ध रहे पूर्व विधायक स्वर्गीय हरीश कुमावत की स्मृतियों को भी मंच से साझा किया गया और सभी वक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

विदाई समारोह पार्षदों के योगदान को सम्मान देने का अवसर – सभापति सुरेश सिखवाल 

नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि पार्षद नगर परिषद की रीढ़ होते हैं और उनके सहयोग से ही शहर के विकास को गति मिलती है। विदाई समारोह पार्षदों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। नगर परिषद आने वाले समय में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।

पार्षदों का सहयोग ,रहेगा यादगार – आयुक्त शिकेश कांकरिया 

आयुक्त शिकेश कांकरिया ने कहा कि नगर परिषद द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। पार्षदों ने अपने कार्यकाल में जो सहयोग और मार्गदर्शन दिया है, वह नगर परिषद के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।

error: News 1 Rajasthan