डीडवाना की बेटी रितिका ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय कबड्डी से लौटने पर आकोदा में हुआ भव्य सम्मान समारोह


खेल नगरी के नाम से देशभर में पहचान बना चुके डीडवाना क्षेत्र ने एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। आकोदा गांव की होनहार खिलाड़ी रितिका चौधरी ने राजस्थान बालिका कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र को गौरवांवित किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर आकोदा गांव और शिशु विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में रितिका का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिशु विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक उगमा राम रॉयल ने कहा कि डीडवाना क्षेत्र पहले ही फुटबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल जैसे खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दे चुका है और अब कबड्डी में भी क्षेत्र अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे से गांव आकोदा से निकलकर स्कूल की छात्रा रितिका का नेशनल टीम में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे आने वाली पीढ़ियों को खेलों के प्रति नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर खेल गुरु पीटीआई दातार सिंह राठौड़ ने कहा कि जिला डीडवाना आज खेलों की दृष्टि से प्रदेश में अग्रणी जिलों में शामिल हो चुका है। यहां के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने रितिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास ही सफलता की असली कुंजी है।


वहीं उप जिला खेल अधिकारी राजेश धूत ने रितिका को आशीर्वाद देते हुए बताया कि इस बार राजस्थान की बालिका कबड्डी टीम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। टीम ने अपने पूल मुकाबलों में बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास के साथ मैदान पर शानदार खेल दिखाया।
उल्लेखनीय है कि 69वीं विद्यालयी राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 23 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में किया गया था। इस प्रतियोगिता में राजस्थान टीम की सदस्य के रूप में रितिका चौधरी ने भाग लिया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद आकोदा गांव में उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। रितिका को क्षेत्र की पहली विद्यालयी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी होने का गौरव भी प्राप्त हुआ है, जिससे पूरे गांव और विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई।


गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर पर मिला सम्मान


संस्था प्रधान उगमा राम रॉयल ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने के बाद रितिका चौधरी को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय सम्मान से भी नवाजा गया। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रदान किया गया।


सम्मान समारोह के दौरान राम निवास पादरा, वासुदेव बलारा, गोमाराम खिलेरी, सुरजीत सिंह राठौड़, रामनिवास कस्वा, सुरेंद्र सिंह राठौड़, सुमित रुलानिया, आकोदा ग्राम पंचायत के सरपंच तिलोक सिंह, रामनिवास खिलेरी, दानाराम, शारीरिक शिक्षक लक्ष्मण सिंह राठौड़ (झाड़ौद) और सरवन कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक व खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने रितिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: News 1 Rajasthan