नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नागौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुचेरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने प्रकरण में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के ईनामी आरोपी नानूराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से स्मैक और डोडा पोस्त की सप्लाई में सक्रिय था और पुलिस की रडार पर था।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशों पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और वृत्ताधिकारी मूंडवा हरिराम जाखड़ के सुपरविजन में कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां के नेतृत्व में गठित टीम ने यह प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी मूंडवा थाने के एनडीपीएस प्रकरण से जुड़ी हुई है, जिसमें पहले ही एक आरोपी सुभाष को गिरफ्तार किया जा चुका था।
दरअसल 9 जनवरी 2025 को तत्कालीन थानाधिकारी मूंडवा सुमन बुंदेला की टीम ने सुभाष की होटल पर दबिश देकर 92 ग्राम स्मैक, 163 ग्राम स्मैक कांटा, 85 ग्राम स्मैक पाउडर और 750 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था। मौके से सुभाष को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। जांच के दौरान सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क में नानूराम मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था, जिसके बाद उसे नामजद कर तलाश शुरू की गई।

लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी नानूराम पुत्र रामलाल उम्र 39 वर्ष निवासी कोटडी, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ को दबोच लिया। आरोपी पर थाना कोतवाली नागौर के एनडीपीएस प्रकरण में 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
इस कार्रवाई को लेकर कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे से बचाना और सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ना है। आने वाले दिनों में और भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।”

गिरफ्तारी अभियान में कुचेरा और झालावाड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है और पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्पुरवाई में थानाधिकारी: हबीब खां के साथ कांस्टेबल: सहीराम,कांस्टेबल: रामप्रेम, और कांस्टेबल: मनोज शामिल रहे ।
