विप्र समाज मेरा परम सहयोगी, हर कार्य के लिए रहूंगा तत्पर — राजस्व राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी ने किया परशुराम सर्किल का शिलान्यास

कुचामन सिटी नगर परिषद कार्यालय के पास शुक्रवार को भगवान परशुराम सर्किल के शिलान्यास समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश के राजस्व, सैनिक कल्याण एवं उपनिवेशन राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत शिलान्यास कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विप्र समाजबंधु, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विप्र समाज मेरे राजनीतिक जीवन की रीढ़ – राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राजस्व राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी ने कहा कि तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा। मुझे विधायक और मंत्री बनाने वाले आप हैं, इसलिए आपके लिए मैं सदैव तत्पर रहूंगा। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में विप्र समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और वे समाज के हर कार्य में सहयोग को अपना कर्तव्य मानते हैं।
चौधरी ने घोषणा करते हुए बताया कि नया बस स्टैंड के निकट मार्ग से परशुराम सर्किल तक जाने वाले मार्ग का नामकरण “परशुराम मार्ग” किया जाएगा। साथ ही उन्होंने परशुराम सर्किल के निर्माण कार्य के लिए विधायक कोष से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।


राज्य मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बीते दो वर्षों में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं करवा पाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज न केवल विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, बल्कि विश्व पटल पर भी देश की साख मजबूत हुई है।

कुचामन के विकास में विधायक का योगदान ऐतिहासिक – सभापति सुरेश सिखवाल

नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल ने राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी द्वारा शहर एवं नावां विधानसभा क्षेत्र के लिए कराए जा रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया । उन्होंने कहा कि हम मांगते-मांगते थक जाते हैं, लेकिन हमारे लोकप्रिय विधायक देते-देते नहीं थकते। जो भी कार्य हमने कहा, उसे चौधरी ने हाथों-हाथ पूरा करवाया। सिखवाल ने विप्र समाज को परशुराम सर्किल की सौगात देने पर राज्य मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह सर्किल शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देगा।

सर्किल समाज की आस्था और गौरव का प्रतीक बनेगा – सर्व ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष घनश्याम गौड़

सर्व ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष घनश्याम गौड़ ने कहा कि भगवान परशुराम सर्किल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विप्र समाज की आस्था, संस्कार और गौरव का प्रतीक होगा। उन्होंने राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी और नगर परिषद प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सर्किल से समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को अपने आदर्शों से जोड़ने का कार्य होगा।

सपना हुआ साकार – विप्र समाज अध्यक्ष मनोज जोशी

विप्र समाज के अध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि परशुराम सर्किल की मांग लंबे समय से समाज की ओर से की जा रही थी, जो अब साकार रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी ने समाज की भावनाओं को समझते हुए जिस तत्परता से यह पहल की है, वह सराहनीय है। उन्होंने समाज की ओर से आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में समाज हर स्तर पर सहयोग करेगा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शिलान्यास

कार्यक्रम से पूर्व विद्वान पंडितों द्वारा रक्षेन्द्र ओझा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार किया गया। मंत्रोच्चार के बीच परशुराम सर्किल की नींव रखी गई। इस दौरान राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी, सभापति सुरेश सिखवाल सहित बड़ी संख्या में विप्र समाजबंधुओं ने पूजन-अर्चन किया।

21 किलोग्राम की माला से हुआ भव्य स्वागत

विप्र समाज की ओर से राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी का भव्य स्वागत किया गया। समाज की ओर से उन्हें 21 किलोग्राम की पुष्पमाला पहनाई गई, साफा बंधन कर सम्मानित किया गया तथा परसा भेंट कर अभिनंदन किया गया। सैकड़ों विप्रजनों ने माल्यार्पण कर चौधरी का स्वागत किया।

परशुराम सर्किल की कल्पना को मूर्त रूप देने वालों का सम्मान

राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने परशुराम सर्किल की परिकल्पना को साकार करने में अहम भूमिका निभाने वाले युवा पत्रकार विमल पारीक का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि विमल पारीक के प्रयासों को पत्रकार हेमराज पारीक और उनकी टीम ने आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप अब कुचामन सिटी में परशुराम सर्किल की कल्पना जल्द ही धरातल पर साकार होगी।

कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, समाजसेवी श्यामसुंदर मंत्री, पूर्व मंडल अध्यक्ष मूलचंद बागड़ा, पार्षद अनिलसिंह मेड़तिया, घनश्याम गौड़, मनोज जोशी मंचासीन रहे। मंच संचालन सत्यप्रकाश शर्मा ने किया। इसके अलावा सोहनलाल सुंडा, मनोज अग्रवाल, सुनील चौधरी, कुमावत समाज अध्यक्ष राजकुमार फौजी, पार्षद तुलसीराम कुमावत, नंदाराम बुगालिया, पार्षद अयूब शेख, जीवण भींचर, राजूराम कुल्डिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan