कुचामन सिटी, डीडवाना–कुचामन जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में 21 व 22 जनवरी को आयोजित जिला स्तरीय सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के पांच हॉकी क्लबों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष भूराराम शेषमा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें कुचामन सिटी की आस्था स्पोर्ट्स क्लब जसराना टीम ने अम्बेडकर क्लब चितावा को 5-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ खेलते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
संघ के सचिव दयाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें आगामी राज्य स्तरीय सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया है। चयनित खिलाड़ी 23 से 25 जनवरी तक मध्य हनुमानगढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

टीम कोच दिनेश रुलाणिया एवं रामनिवास जाट के नेतृत्व में चयनित खिलाड़ी हनुमानगढ़ के लिए रवाना हुए । जिला हॉकी संघ पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
