डीडवाना के बेरी खुर्द के आईशा महिला महाविद्यालय की होनहार छात्रा नौशीन पुत्री असलम खान ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम कर कॉलेज, परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

कठोर अभ्यास, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास के बल पर नौशीन ने प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन किया और फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में संस्था निदेशक सरवर खान ने नौशीन को साफा पहनाकर सम्मानित किया और उसकी मेहनत व लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, जरूरत है उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने सभी छात्राओं को खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर नौशीन ने अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सिल्वर मेडल सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरे माता-पिता, शिक्षकों और कॉलेज परिवार का है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। मैं आगे भी और अधिक मेहनत कर गोल्ड मेडल जीतने का लक्ष्य रखती हूं। मेरी सभी बहनों से अपील है कि वे अपने सपनों से डरें नहीं, मेहनत करें और आगे बढ़ें।
नौशीन की यह सफलता न केवल महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। उनकी यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, हौसला और आत्मविश्वास हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।
के
