दो होनहार युवा फुटबॉलरों का संतोष ट्रॉफी में चयन, क्षेत्र का किया नाम रोशन

डीडवाना , क्षेत्र के लिए गर्व का पल सामने आया है। नागौर फुटबॉल एसोसिएशन के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों मोहम्मद अदनान और मोहित सिखवाल का चयन प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी के लिए राजस्थान टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल नागौर बल्कि डीडवाना-कुचामन क्षेत्र में खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।


नागौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव फरहत अली ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान टीम में चयनित खिलाड़ियों में मोहम्मद अदनान (पुत्र निसार अहमद) और मोहित सिखवाल (पुत्र देवी लाल सिखवाल) का नाम शामिल होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। अदनान इससे पहले भी बीसी रॉय ट्रॉफी और सुब्रतो इंटरनेशनल प्रतियोगिता जैसे बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जिससे उनके अनुभव और खेल कौशल का अंदाजा लगाया जा सकता है।


संघ के जिला उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानीऔर हनीफ गौड मकराना ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में संगठन के सतत प्रयासों, कोचिंग व्यवस्था में सुधार और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के चलते नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। वर्तमान में लगभग हर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इस क्षेत्र के 2 से 3 खिलाड़ी राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो जिले के खेल विकास की मजबूत तस्वीर पेश करता है।


उन्होंने यह भी बताया कि बीते तीन वर्षों में 20 से अधिक खिलाड़ी राजस्थान टीम में जगह बना चुके हैं। यह सफलता खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ संघ के मार्गदर्शन का परिणाम है। संतोष ट्रॉफी जैसे बड़े मंच पर अदनान और मोहित का चयन आने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और जिले में फुटबॉल के प्रति रुचि को और मजबूती देगा।


क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे संतोष ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान और अपने जिले का नाम रोशन करेंगे।

error: News 1 Rajasthan