डीडवाना को मिला क्रिकेट का नया ठिकाना: “क्रिक बॉक्स RJ-37” से उभरती प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान


(शकील अहमद उस्मानी/डीडवाना) डीडवाना में क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए रविवार का दिन खास बन गया, जब शहर को एक आधुनिक इनडोर क्रिकेट हब की सौगात मिली। मेगा हाईवे पर रहमान गेट के सामने, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय शेखा बासनी और एसके फर्नीचर के मध्य स्थित इनडोर टर्फ क्रिकेट बॉक्स “क्रिक बॉक्स RJ-37 – डीडवाना क्रिकेट हब” का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों, उभरते क्रिकेटरों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने माहौल को उत्साह से भर दिया।


उद्घाटन समारोह में नायब शहर काजी जनाब सादिक उसमानी ने फीता काटकर क्रिकेट हब का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छोटू भाई भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिनकी मौजूदगी ने युवाओं में उत्साह और बढ़ा दिया।


क्रिक बॉक्स के डेवलपर अजहर सिसोदिया, मोहम्मद मुस्तकीम और मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस इनडोर टर्फ को अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां प्रीमियम आर्टिफिशियल ग्रास, लगभग 30 फीट ऊंचा कवर एरिया, पर्याप्त स्पेस और दूधिया रोशनी वाली फ्लड लाइट्स की व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ी दिन और रात, हर मौसम में बिना किसी बाधा के अभ्यास कर सकें।


नायब शहर काजी सादिक उसमानी ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाएं क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर खोलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि क्रिक बॉक्स RJ-37 जैसे प्लेटफॉर्म से डीडवाना के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।
डेवलपर मोहम्मद मुस्तकीम ने बताया कि अब तक क्षेत्र में उपयुक्त अभ्यास स्थल की कमी के कारण खिलाड़ियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार मौसम और रोशनी की समस्या अभ्यास में बाधा बन जाती थी, लेकिन अब क्रिक बॉक्स RJ-37 के शुरू होने से क्रिकेटर्स को सुरक्षित, सुविधायुक्त और प्रोफेशनल माहौल में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।


क्रिकेट बॉक्स क्या होता है?


क्रिकेट बॉक्स दरअसल एक आधुनिक इनडोर क्रिकेट प्रैक्टिस एरिया होता है, जहां सीमित लेकिन पूरी तरह से सुरक्षित और प्रोफेशनल वातावरण में क्रिकेट खेला और अभ्यास किया जाता है। इसमें आर्टिफिशियल टर्फ, नेट्स, मजबूत स्ट्रक्चर और बेहतर लाइटिंग की सुविधा होती है, जिससे खिलाड़ी बिना मौसम की चिंता किए लगातार अभ्यास कर सकते हैं।


क्रिकेट बॉक्स का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि यहां बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग की तकनीक को निखारने के लिए नियंत्रित माहौल मिलता है। खासकर शहरों और कस्बों में, जहां खुले मैदान सीमित होते हैं, वहां क्रिकेट बॉक्स खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभर रहा है।

error: News 1 Rajasthan