नागौर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक नागौर मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशों की पालना में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी तथा वृत्ताधिकारी जायल खेमाराम बिजारणियां के निकटतम सुपरविजन में थाना खाटूबड़ी पुलिस और डीएसटी टीम नागौर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरहद सांडिला क्षेत्र से 7.47 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन को भी जब्त किया गया है।
थानाप्रभारी खाटूबड़ी विनोद कुमार आरपीएस (प्रशिक्षु) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त के दौरान सरहद सांडिला पहुंची, जहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एमडीएमए की पुड़िया बरामद हुई, जिसका कुल वजन 7.47 ग्राम पाया गया। इसके बाद मौके पर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चंदन पुत्र मोतीराम निवासी डेह थाना सुरपालिया, हरेन्द्र पुत्र भंवरलाल निवासी सांडिला थाना खाटूबड़ी तथा अर्जुनराम पुत्र नाथुलाल निवासी मेदासर बास, डीडवाना थाना डीडवाना के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 06/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में खाटूबड़ी थाना पुलिस की टीम के साथ डीएसटी नागौर के कार्मिकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में शामिल अधिकारियों और जवानों ने समन्वित तरीके से घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और बरामदगी को सुरक्षित रूप से जब्त किया।
मामले की जांच कर रहे जायल थानाधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी मादक पदार्थ की आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत आने वाले दिनों में और भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
