डीडवाना–कुचामन जिले के छोटी खाटू क्षेत्र के प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी प्रेम सिंह पण्डेल(चौधरी) का निधन हो गया। उन्होंने जयपुर में अंतिम सांस ली। उनके निधन से शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत प्रेम सिंह चौधरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव छोटी खाटू में किया गया।

प्रेम सिंह पण्डेल डीडवाना के ग्रामोथान डीडवाना के संस्थापक निदेशक रह चुके थे। वे जीवनभर शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और सर्वसमाज की सेवा में सक्रिय रहे। उनके योगदान को क्षेत्र में सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। वे इफको में लंबे समय तक कार्यरत रहे, जहां उन्होंने किसानों की सेवा में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जागृति लाने और समाजसेवा को अपना मिशन बना लिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

प्रेम सिंह पण्डेल के निधन पर उप जिला प्रमुख डॉ. सहदेव चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेम सिंह चौधरी का जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर फर्स्ट इंडिया न्यूज के डायरेक्टर वीरेंद्र चौधरी भी छोटी खाटू पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। वीरेंद्र चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि गुरुजी ने मेरे जीवन में सही रास्ता चुनने की प्रेरणा दी। शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा मुझे मार्गदर्शन देता रहेगा। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने यह भी कहा कि गुरु के विचार, अनुशासन और मूल्य वे हमेशा अपने जीवन और कार्यक्षेत्र में आत्मसात करते रहेंगे।

अंतिम संस्कार में कई राजनीतिक शख्सियतें भी शामिल हुई । इस अवसर पर किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने कहा कि प्रेम सिंह चौधरी ने किसानों, शिक्षा और समाज के लिए जो कार्य किए हैं, वे लंबे समय तक याद रखे जाएंगे। उनका जीवन सेवा और समर्पण का उदाहरण है।
वहीं डेगाना विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय सिंह किलक ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेम सिंह चौधरी ने शिक्षा और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में जो अलख जगाई, वह आने वाली पीढ़ियों को दिशा देती रहेगी।

अंतिम संस्कार में अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें उनके पुत्र उपेन्द्र पण्डेल (प्रोफेसर, MNIT), विनम्र पण्डेल,रजत पण्डेल (प्रोफेसर, राजस्थान विश्वविद्यालय), के साथ रवि धारीवाल, किशोर धारीवाल, नानक दास महाराज, नगरपालिका अध्यक्ष रणवीर सिंह, डीटीओ भंवरलाल चौधरी, पूर्व RPS आईदान रेवाड़, डॉ. हरदेव कालेर (सीकर), कपूरचंद बेताला, इंद्रसिंह (पूर्व पंचायत समिति सदस्य), मदन लाल पण्डेल, हरीश मिर्धा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल रहे।
मंगलवार को पूरे दिन छोटी खाटू क्षेत्र में शोक का माहौल रहा और लोगों ने नम आंखों से एक समर्पित शिक्षक, समाजसेवी और मार्गदर्शक को अंतिम विदाई दी।
