डीडवाना–कुचामन जिले के खुनखुना थाना क्षेत्र में हुई बड़ी ATM लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक शातिर गिरोह को पकड़ते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गैस कटर से SBI बैंक के ATM को काटकर लाखों रुपये लूट लिए थे। इस कार्रवाई में लूट में प्रयुक्त ब्रेजा कार भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी जेवू सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी खुनखुना मनसीराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करीब एक महीने की लगातार मेहनत, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय आसूचना के आधार पर इस अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया।

क्या है पूरा मामला
14 दिसंबर 2025 की रात तोषिणा गांव के बस स्टैंड क्षेत्र में विनायक मोटर्स के सामने स्थित SBI बैंक के ATM को बदमाशों ने गैस कटर से काटकर उखाड़ लिया। सुबह करीब 4 बजे हुई इस वारदात में ATM मशीन के अंदर रखी 20 लाख 46 हजार 500 रुपये की नकदी लूट ली गई। घटना की रिपोर्ट हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोगी अधिवक्ता मुकेश राव ने खुनखुना थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
400 किलोमीटर तक CCTV फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्थान से हरियाणा तक के प्रमुख 10 मार्गों पर स्थित करीब 800 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। लगभग 400 किलोमीटर के दायरे में फैली इस CCTV चेन के विश्लेषण से बदमाशों की पहचान संभव हो सकी। लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने ATM लूट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
वारिस उर्फ लहकी (26), निवासी मेहलुका, थाना हथीन, जिला पलवल (हरियाणा);
मुस्कान अली (19), निवासी आलीमेव, थाना बहिन, जिला पलवल (हरियाणा);
उस्मान उर्फ अंधा (28), निवासी गोलकी, थाना सीकरी, जिला डीग।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार बरामद की गई है। पुलिस लूट की गई राशि की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।

अपराध करने का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देता था। घटना से करीब 10 दिन पहले आरोपी ऐसे ATM की रेकी करते थे जो आबादी से दूर हों और जहां सुरक्षा गार्ड तैनात न हो। रेकी के दौरान ATM की लोकेशन, रास्ते, CCTV कैमरे और आसपास की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जाती थी। वारदात वाले दिन फर्जी नंबर प्लेट लगी बड़ी लग्जरी कार का इस्तेमाल किया जाता, गैस कटर, सिलेंडर और CCTV पर स्प्रे करने का पूरा सामान साथ रखा जाता। चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहनकर पहले कैमरों को निष्क्रिय किया जाता और महज 5 से 7 मिनट में ATM काटकर आरोपी फरार हो जाते थे।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी वारिस उर्फ लहकी और उस्मान उर्फ अंधा के खिलाफ पहले से ही गौ-तस्करी, मारपीट, बलात्कार, चोरी जैसे गंभीर अपराधों के कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें से कुछ मामले अभी न्यायालय में विचाराधीन हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में खुनखुना थाना, साइबर पुलिस डीडवाना और भिवाड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में पुलिस निरीक्षक मनसीराम, सहायक उप निरीक्षक बजरंग सिंह, कांस्टेबल प्रकाश, गिरधारीलाल, राधेश्याम, बजरंगलाल, मुकेश, रामकिशोर, भजनलाल, सुरजाराम और चालक मौजित शामिल रहे। साइबर टीम से कांस्टेबल ताराचंद, सुगनाराम, तुलसीराम और सुरेश ने तकनीकी विश्लेषण में योगदान दिया, जबकि भिवाड़ी टीम से पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार वर्मा, सहायक उप निरीक्षक नरेश सहित अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। विशेष रूप से ताराचंद, सुगनाराम और प्रकाश का योगदान उल्लेखनीय रहा।
