देवनारायण योजनाओं में ऐतिहासिक गति: 15 साल के अधूरे काम 2 साल में पूरे — ओमप्रकाश भडाणा

देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा ने शनिवार को कुचामन सिटी में स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवनारायण योजना के लिए जो काम पिछले 15 वर्षों में नहीं हो सके, वे भजनलाल सरकार ने महज 2 साल में कर दिखाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा योजनाओं को केवल फाइलों तक सीमित रखने की नहीं, बल्कि उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है।

होटल केसर पैलेस में भव्य स्वागत

स्टेशन रोड स्थित होटल केसर पैलेस एंड रेस्टोरेंट में राज्य मंत्री ओमप्रकाश भडाणा के आगमन पर गुर्जर समाज और विभिन्न संगठनों की ओर से भव्य मारवाड़ी परंपरा के साथ स्वागत-सम्मान किया गया। इस अवसर पर नावां प्रधान प्रतिनिधि राजेश गुर्जर, देवनारायण विकास समिति अध्यक्ष बजरंगलाल गुर्जर, को-ऑपरेटिव चेयरमैन एवं होटल केसर पैलेस के डायरेक्टर चेनाराम गुर्जर दीपपुरा, वरिष्ठ पत्रकार हरिराम गुर्जर, को-ऑपरेटिव व्यवस्थापक श्रीराम गुर्जर, शासन सचिवालय कार्मिक विभाग के राजेश गुर्जर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा डीडवाना–कुचामन जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड सहित समाज के वरिष्ठजन और कार्यकर्ताओं ने मंत्री का सम्मान किया।

गुर्जर समाज एवं एमबीसी वर्ग के साथ समीक्षा बैठक

इस मौके पर देवनारायण योजनाओं को लेकर गुर्जर समाज और एमबीसी वर्ग की संयुक्त बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें योजनाओं की प्रगति, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में धनराज गुर्जर, एडवोकेट हीराराम गुर्जर, गोपाल गुर्जर मिठड़ी, हीराराम म्हांसी, कानजी गुर्जर, लालचंद गुर्जर, सरपंच देवीलाल कुमावत, भाजपा नेता सुनील चौधरी, स्वास्तिक इंडस्ट्रीज चेयरमैन नरेंद्र बागड़ा, मदनराम गुर्जर आसपुरा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

देवनारायण बोर्ड का गठन और 400 करोड़ का बजट

पत्रकार वार्ता में राज्य मंत्री ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि भजनलाल सरकार ने सत्ता संभालते ही देवनारायण बोर्ड का गठन कर स्पष्ट कर दिया कि समाज के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि देवनारायण योजनाओं के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। सरकार का उद्देश्य योजनाओं को केवल सरकारी घोषणाओं तक सीमित न रखते हुए उन्हें जमीन पर उतारना है, इसी सोच के तहत एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें बोर्ड अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

आठ नए छात्रावास, प्रदेशभर में योजनाओं का विस्तार

राज्य मंत्री ने कहा कि दो साल के कार्यकाल में आठ नए देवनारायण छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जो पिछले 15 वर्षों में नहीं हो पाए। प्रदेशभर में देवनारायण योजना, छात्रावास और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों को तेजी से लागू किया जा रहा है, ताकि एमबीसी वर्ग और संबंधित समाज को शिक्षा व विकास का सीधा लाभ मिल सके।

कुचामन में करोड़ों की लागत से छात्रावास निर्माण

ओमप्रकाश भडाणा ने कुचामन सिटी में निर्माणाधीन देवनारायण छात्रावास का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रहा यह छात्रावास पूरे जिले के विद्यार्थियों के लिए लाभकारी साबित होगा। साथ ही कुचामन और आसपास के क्षेत्रों में अन्य विकास कार्यों को भी गति देने का भरोसा दिलाया।

सरकार के कामकाज की सराहना, कांग्रेस पर हमला

राज्य मंत्री ने भजनलाल सरकार के कामकाज को शानदार बताते हुए कहा कि सरकार समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी रफ्तार से काम कर रही है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आरपीएससी सहित विभिन्न भर्तियों में हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ रही है।

जनभागीदारी और अधिकारियों की भूमिका पर जोर

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं को सफल बनाने के लिए आमजन की भागीदारी और अधिकारियों की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। समाज के लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि देवनारायण बोर्ड के माध्यम से आने वाले समय में और भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

error: News 1 Rajasthan