कुचामन सिटी में व्यापारी की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी संसाधनों और आसूचना के सटीक इस्तेमाल से यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक डीडवाना–कुचामन ऋचा तोमर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी कुचामन शहर मुकेश चौधरी के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना कुचामन शहर के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सतपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

ये थी घटना –
बीती 02 जनवरी को प्रार्थी छितरमल अग्रवाल पुत्र लक्ष्मीनारायण अग्रवाल, निवासी कुचामन सिटी, झालरा रोड पावर हाउस के पीछे, ने पुलिस थाना कुचामन शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार 02 जनवरी को दोपहर करीब 3 से 3.15 बजे के बीच एक व्यक्ति पेट्रोल की बोतल लेकर उसकी दुकान में आया और दुकान में रखे सामान व उसके कपड़ों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उसी समय प्रार्थी का पुत्र वहां पहुंच गया, जिससे आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में प्रार्थी का दाहिना हाथ कलाई के पास से तथा दोनों पैरों की जांघें झुलस गईं, साथ ही उसके पहने हुए कपड़े भी जल गए। आरोपी ने चेहरा ढका हुआ था और जान से मारने की नीयत से यह कृत्य किया गया। इस पर पुलिस थाना कुचामन शहर में प्रकरण संख्या 02/2026 दिनांक 02.01.2026 को धारा 109, 119(1), 125, 324(4) एवं 326(जी) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके का मुआयना करवाया। इसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, संदिग्ध की पहचान और तकनीकी संसाधनों के आधार पर चिन्हित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन व कॉर्डन अभियान चलाया गया।

पुलिस ने आरोपी को उदयपुर से दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दिनांक 05 जनवरी 2026 को आरोपी राजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसे कल न्यायालय में पेश किया जाएगा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पूर्व में वह परिवादी की दुकान पर सामान लेने गया था, जहां उसके साथ व्यवहार ठीक नहीं किया गया, जिससे वह स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने दुकान में परिवादी के अकेले होने का मौका देखकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवीर सिंह राठौड़ पुत्र भरत सिंह राठौड़, जाति राजपूत, निवासी विवेकानंद आईटीआई के पीछे, झालरा रोड, कुचामन सिटी के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सतपाल सिंह के साथ सहायक उप निरीक्षक फजल खां, कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल राजकुमार, थाना मारोठ से कांस्टेबल विक्रम तथा कांस्टेबल रमेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
