कुचामन महाविद्यालय के डॉ. आरसी भाटी को मिलेगा एनएसएस का राज्य स्तरीय सर्वोच्च सम्मान, क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि



कुचामन महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रूपचंद भाटी का चयन राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय पुरस्कार सत्र 2024–25 के लिए किया गया है। यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि एनएसएस के इतिहास में पहली बार इस जिले से किसी कार्यक्रम अधिकारी को राजस्थान के सर्वोच्च एनएसएस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं माननीय उप मुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. गजेन्द्र जांगिड़ ने बताया कि डॉ. रूपचंद ने सितंबर 2022 में कार्यक्रम अधिकारी का दायित्व संभालते ही महाविद्यालय की दोनों एनएसएस इकाइयों के वॉलेंटियरों को एनएसएस के मूल उद्देश्य और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने एक दिवसीय एवं सात दिवसीय विशेष शिविरों के साथ-साथ ‘माय भारत’ मंच के माध्यम से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों के लिए वॉलेंटियरों को तैयार किया।


अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. रूपचंद के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, ‘एक पेड़ मां के नाम’, प्लास्टिक उन्मूलन तथा विभिन्न सामाजिक और जागरूकता रैलियों का सफल आयोजन किया गया। इन प्रयासों से न केवल महाविद्यालय में एनएसएस गतिविधियों को नई दिशा मिली, बल्कि स्वयंसेवकों में सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हुआ।
डॉ. रूपचंद ने अपने अल्प कार्यकाल में एनएसएस के लगभग सभी प्रमुख राष्ट्रीय स्तरीय शिविरों—नेशनल एडवेंचर कैंप, राष्ट्रीय एकता शिविर, नेशनल यूथ फेस्टिवल, राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड शिविर तथा विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग्स—में सक्रिय सहभागिता निभाई। इन आयोजनों के माध्यम से उन्होंने महाविद्यालय और डीडवाना–कुचामन जिले के वॉलेंटियरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
विशेष रूप से वर्ष 2025 में दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड शिविर में उन्होंने राजस्थान टीम का नेतृत्व किया। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति से मुलाकात करने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ। उनके नेतृत्व में ही डीडवाना–कुचामन जिले के पहले एनएसएस वॉलेंटियर ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति को सलामी दी, जो जिले के लिए गर्व का विषय बना।
इन सभी उल्लेखनीय उपलब्धियों और निरंतर सामाजिक सेवा कार्यों के चलते डॉ. रूपचंद को पूर्व में ब्लॉक स्तर और जिला स्तर पर भी सम्मानित किया जा चुका है। अब राज्य स्तरीय सर्वोच्च एनएसएस पुरस्कार के लिए चयन होने पर कुचामन महाविद्यालय परिवार, एनएसएस स्वयंसेवकों और शिक्षा जगत में खुशी की लहर है। महाविद्यालय परिवार ने डॉ. रूपचंद को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी हैं।

error: News 1 Rajasthan