चमत्कारिक कछुए की आड़ में ठगी और ब्याज गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार, कुचामन में पुलिस का बड़ा एक्शन

खुद को “चमत्कारिक कछुए” और “आसान ब्याज पर बड़ी रकम” का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह पर कुचामन पुलिस ने करारा प्रहार किया है। रविवार सुबह एरिया डोमिनेशन के तहत की गई सर्च और कॉर्डन कार्रवाई में पुलिस ने न सिर्फ ठगी गिरोह का खुलासा किया, बल्कि प्रतिबंधित स्टार कछुए की बरामदगी, अवैध हथियार जब्ती और दर्जनों वाहनों की जब्ती के साथ अपराध की कई परतें खोल दीं।

फील्ड इंटेलिजेंस से मिली सूचना, 10 टीमों ने संभाला मोर्चा

डीडवाना – कुचामन जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा व वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी गई। वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि फील्ड इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर कुचामन शहर के चिन्हित इलाकों में कुचामन सिटी, नांवा, चितावा और मारोठ थाना क्षेत्रों की 10 पुलिस टीमों के 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने दबिश दी और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया ।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस एक्ट की धारा 38 के तहत कुल 15 वाहन जब्त किए गए, जिनमें 13 मोटरसाइकिल, एक बोलेरो गाड़ी और एक बोलेरो कैंपर शामिल हैं। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

चमत्कारिक कछुआ निकला ठगी का हथियार

पुलिस कार्रवाई का सबसे चौंकाने वाला पहलू प्रतिबंधित स्टार प्रजाति के कछुए की बरामदगी रहा। आरोपी मंच्छाराम के कब्जे से यह दुर्लभ कछुआ मिला, जिसे वह “चमत्कारिक” बताकर लोगों को ठगने में इस्तेमाल कर रहा था।

इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 9/51 व 49/51 के तहत प्रकरण दर्ज कर कछुए को वन विभाग के सुपुर्द किया गया।

आर्म्स एक्ट में कार्रवाई, तलवार जब्त

एक अन्य मामले में आरोपी मंगतुराम के कब्जे से अवैध धारदार हथियार (तलवार) बरामद की गई। इस पर आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

ब्याज पर रुपए देने के नाम पर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

कुचामन थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को ब्याज पर बड़ी रकम देने का झांसा देकर पहले एडवांस लेते थे और फिर रकम हड़प लेते थे। एक प्रकरण में अजमेर जिले के कबीर नगर, लोहार्गल निवासी राजेंद्र चौधरी से 20 लाख रुपए ब्याज पर देने का झांसा देकर 60 हजार रुपए एडवांस लेकर ठगी की गई। इस मामले में बीएनएस की धाराओं 318(4) व 316(2) के तहत केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।

ठगी के कई तरीके, जांच जारी


पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चमत्कारिक कछुए का झांसा देकर,दूसरों की जमीन व प्लॉट को अपना बताकर, पशुओं की सौदेबाजी के नाम पर लगातार लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस अब इनके अन्य अपराधों की भी गहनता से जांच कर रही है। थानाधिकारी सिहाग के मुताबिक पुलिस कार्रवाई में मदन रूपनगढ़, अजमेर) मंच्छाराम(कुचामन सिटी),तुलछीराम ( कुचामन सिटी) श्रवण राम ( रियां बड़ी), के साथ मंगतुराम (कुचामन सिटी) सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आरोपियों के पास से 13 मोटरसाइकिल, एक बोलेरो गाड़ी, एक बोलेरो कैंपर, प्रतिबंधित स्टार प्रजाति का कछुआ और मोबाइल फोन बरामद किया गए है ।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग चमत्कारिक चीजों और आसान ब्याज के नाम पर ठगी कर रहे हैं। फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई, जिसमें ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी । विमल सिंह नेहरा ने आमजन से अपील की कि कोई भी व्यक्ति चमत्कार, दुर्लभ जीव या आसान ब्याज के झांसे में न आए। यदि कहीं भी ठगी, अवैध हथियार या वन्य जीवों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।

error: News 1 Rajasthan