रोडवेज बस की चपेट में आकर सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और पत्रकार शौकत बादाम ,हादसे का शिकार । 500 मीटर तक घसीटे गए शौकत बादाम, राहगीरों की तत्परता से बची जान

जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें मकराना के जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और पत्रकार शौकत बादाम गंभीर रूप से घायल हो गए। चोमू पुलिया के पास हुए इस हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार शौकत बादाम अपनी बुलेट बाइक से झोटवाड़ा स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शौकत बादाम और उनकी बाइक बस के अगले टायर में फंस गए और करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते चले गए।

हादसे को देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाया और बस को रुकवाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल शौकत बादाम को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घसीटे जाने के कारण उनके पैर, हाथ और कमर का हिस्सा बुरी तरह लहूलुहान हो गया था। राहगीरों ने ही उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी।


जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को शौकत बादाम चौहान की सर्जरी की गई। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से उनकी जान बच सकी। फिलहाल उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद परिजनों ने उन सभी राहगीरों का आभार जताया है, जिन्होंने मानवता दिखाते हुए बस रुकवाने से लेकर घायल को अस्पताल पहुंचाने तक हर संभव मदद की।

error: News 1 Rajasthan