कुचामन शहर के झालरा रोड इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब अपने ही घर में बनी दुकान चला रहे छीतरमल के साथ एक अज्ञात युवक ने खौफनाक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार छीतरमल रोज़ की तरह अपनी दुकान में बैठे थे, तभी एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और उनसे रुपए मांगने लगा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी बातचीत रिकॉर्ड हो गई, जिसमें युवक छीतरमल से बात करता हुआ साफ नजर आ रहा है।

छीतरमल द्वारा रुपए देने से इनकार करने पर युवक कुछ देर के लिए बाहर चला गया। इसके बाद वह अपने साथ लाई ज्वलनशील पदार्थ की बोतल उठाकर दोबारा दुकान में आया और बिना कुछ कहे दुकान के फर्श पर डाल दिया। यही नहीं, उसने छीतरमल अग्रवाल के कपड़ों पर भी पेट्रोल छिड़क दिया। इससे पहले कि छीतरमल कुछ समझ पाते, युवक ने जेब से लाइटर निकाला और आग लगा दी। देखते ही देखते आग दुकान के फर्श के साथ-साथ छीतरमल के कपड़ों तक फैल गई।

हालात बिगड़ते देख छीतरमल ने हिम्मत दिखाते हुए भागकर और प्रयास करके आग बुझाई। इसी बीच आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैल पाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में छीतरमल के शरीर का केवल कुछ हिस्सा ही झुलसा, जबकि दुकान को भी आग से मामूली नुकसान पहुंचा।
पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद छीतरमल अग्रवाल ने कुचामन पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

थानाधिकारी सतपाल सिंह चौधरी ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटना गंभीर प्रकृति की है, इसलिए आसपास के इलाकों में लगे घरों और प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। थानाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
