डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय, में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से प्रशिक्षित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंदर चौधरी की सेवाएँ शुरू होने के बाद मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। अस्पताल अब केवल इलाज का स्थान नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और उनके परिवारों के लिए भरोसे, सुरक्षा और संवेदनशील देखभाल का केंद्र बनता जा रहा है।
आंकड़ों की बात करें तो महज दो महीनों की अवधि में डॉ. अरविंदर चौधरी ने 80 से अधिक सामान्य प्रसव, 10 सिजेरियन ऑपरेशन तथा 15 जटिल गर्भाशय शल्यक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम देकर कई परिवारों की चिंताओं को राहत में बदला है। उनके अनुभव और चिकित्सकीय दक्षता से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में स्पष्ट सुधार आया है और गंभीर मामलों में भी सुरक्षित परिणाम सामने आए हैं।

डॉ. चौधरी की शांत, भरोसा जगाने वाली और संवेदनशील कार्यशैली ने प्रसव कक्ष के माहौल को सकारात्मक बना दिया है। अब महिलाओं को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ता, बल्कि डीडवाना के ही सरकारी जिला अस्पताल में सम्मानजनक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो रहा है, जिससे आमजन का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

डीडवाना के सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपचार की सुविधा के साथ विशेषज्ञ सेवाएँ मिलने से खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। समय पर सही उपचार उपलब्ध होने से प्रसव संबंधी जटिलताओं में कमी आई है और मातृ-शिशु मृत्यु दर को रोकने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं।

डीडवाना में चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार के बारे ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी का कहना है कि AIIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से प्रशिक्षित विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवाएँ मिलना डीडवाना के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. अरविंदर चौधरी की उपस्थिति से जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आमजन का भरोसा सरकारी अस्पतालों की ओर तेजी से बढ़ा है।
वहीं महिला चिकित्सक डॉ. अमरिंदर ने कहा कि डॉ. अरविंदर चौधरी का अनुभव, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता प्रसूति सेवाओं को नई मजबूती दे रही है। उन्होंने बताया कि जटिल मामलों में लिए गए सटीक निर्णयों से कई माताओं और नवजातों का जीवन सुरक्षित हुआ है, जो जिला अस्पताल की क्षमता और गुणवत्ता को दर्शाता है।

कुल मिलाकर डॉ. अरविंदर चौधरी की सेवाएँ यह साबित कर रही हैं कि जब उच्च स्तरीय विशेषज्ञता के साथ मानवीय संवेदना जुड़ जाती है, तब अस्पताल केवल इमारत नहीं रहते, बल्कि वे मातृत्व, भरोसे और उम्मीद के सशक्त केंद्र बन जाते हैं, और डीडवाना आज इसी सकारात्मक बदलाव का साक्षी बन रहा है।
