भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने के मकसद से आयोजित अस्मिता बास्केटबॉल लीग 2025-26 का सफल आयोजन 28 से 30 दिसंबर तक डीडवाना में किया गया। प्रदेश में इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी राजस्थान बास्केटबॉल संघ को सौंपी गई थी, जिसे संघ ने नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के सहयोग से बखूबी निभाया। तीन दिवसीय इस आयोजन में बालिकाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक जज़्बे ने खेल प्रेमियों को खासा प्रभावित किया।

इस लीग में कुल 30 बालिका टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इनमें 12 टीमें 3×3 प्रारूप में और 18 टीमें 5×5 प्रारूप में मैदान में उतरीं। रोमांचक मुकाबलों और कड़े संघर्ष के बीच अंततः श्रीकान्त क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता संयोजक सुरेश कुमार ने बताया कि बालिका खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और आयोजन का स्तर अत्यंत सराहनीय रहा। विजेता व उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में रतनगढ़ नगर पालिकाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सारस्वत उपस्थित रहीं। वहीं जिला लेखाधिकारी पुष्पलता साद, खाद्य निरीक्षक मनीषा गुर्जर और पूर्व खिलाड़ी अवंतिका जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान करते हैं।

नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी मंच से राजस्थान की पुरुष एवं महिला सीनियर बास्केटबॉल टीमों को खेल किट प्रदान कर जीत के आशीर्वाद के साथ रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि 75वीं राष्ट्रीय सीनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता आगामी 4 जनवरी से चेन्नई में आयोजित होने जा रही है, जिसमें राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए दोनों वर्गों की टीमें हिस्सा लेंगी।
“पदक के लिए उतरना है मैदान में” – राठौड़
राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस बार दोनों वर्गों की टीमें संतुलित और मजबूत बनाई गई हैं। महिला और पुरुष दोनों टीमों में चार-चार अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे प्रदेश के बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की पूरी उम्मीद है।

टीम के साथ प्रशिक्षक के रूप में भंवर सिंह शेखावत, राकेश विश्नोई, जसवंत सिंह, विकास अग्रवाल, रणजीत सिंह चौधरी और सुरभी सैनी चेन्नई रवाना होंगे।
कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश वर्मा, रघुनाथ प्रसाद साद, श्रीकान्त क्लब अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़, रमाकान्त सारस्वत, मान सिंह सेवा, मोहम्मद नईम, विवेक रंजन सिंह, अनंत शर्मा, अमजद एच पठान, बृह्म देव शर्मा, डॉ गणेश सैनी, शंकर सैनी ठेकेदार, बनवारी मोट, अशोक सारस्वत, प्रदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या मे खेल प्रेमी, पूर्व खिलाड़ी और खेल संघटन से जुड़े लोग मौजूद रहे ।
