डीडवाना – कुचामन जिले में भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” के 129वें एपिसोड का रविवार को जिले भर में भव्य और सफल आयोजन किया गया। जिले के प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम एक जनआंदोलन का स्वरूप लेता नजर आया।

जिला महामंत्री देवीलाल दादरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ की गई। इस दौरान अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों, सुशासन की अवधारणा और लोकतांत्रिक मूल्यों को स्मरण किया गया, जिसने कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त किया।
जिले के सभी मंडलों और बूथों पर मंडल अध्यक्षों, मंडल संयोजकों एवं बूथ संयोजकों ने आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सुनने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक चेतना, जनभागीदारी, स्वदेशी सोच और सकारात्मक जीवन मूल्यों पर दिए गए संदेशों को कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ माहेश्वरी ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को जोड़ने वाला संवाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आमजन से सीधे संवाद कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाते हैं। नागौर देहात जिले के हर बूथ पर जिस उत्साह के साथ लोगों ने सहभागिता निभाई, वह संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रमाण है।
वहीं जिला महामंत्री देवीलाल दादरवाल ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक अनुशासन और समयबद्ध कार्यशैली के लिए जाना जाता है। कार्यक्रम के उपरांत सभी बूथों से सहभागिता की जानकारी सरल ऐप के माध्यम से समय पर अपलोड की गई, जिससे कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की कार्यकुशलता स्पष्ट रूप से सामने आई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने यह संदेश दिया कि नागौर देहात जिले में भाजपा न केवल वैचारिक रूप से मजबूत है, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन की पकड़ और जनसहभागिता भी निरंतर सशक्त हो रही है।
