राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के अंतर्गत सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत कुचामन सिटी में श्रमिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर में नई पेयजल वितरण प्रणाली एवं सीवरेज परियोजना के कार्य स्थल सी.डब्ल्यू.आर. साइट एईएन कैंपस में किया गया।

आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन तथा अधिशासी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यरत श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कैप के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने श्रमिकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए प्रत्येक श्रमिक को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, ऐसे में सभी श्रमिकों को सुरक्षा के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

कैप की सविता शर्मा ने स्वच्छता पर जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता जीवन से जुड़ी एक अच्छी आदत है, जिसे अपनाकर न केवल स्वयं बल्कि पूरे समाज को स्वस्थ रखा जा सकता है। वहीं एलएण्डटी के किशन सिंह ने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
