कांसेड़ा के पास पलटी कार देख मंत्री विजय सिंह चौधरी ने रोक काफिला, खुद ने गाड़ी सीधी करवाई और मदद की,लोगों ने की सराहना

राजस्व राज्य मंत्री एवं नावां विधायक विजय सिंह चौधरी की संवेदनशीलता उस समय सामने आई जब वे यात्रा के दौरान कांसेड़ा क्षेत्र से गुजर रहे थे। सड़क किनारे एक कार पलटी हुई देख मंत्री चौधरी ने तुरंत काफिला रुकवाया और वे बिना किसी औपचारिकता के स्वयं मौके पर पहुंच गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में कार सवार दंपति फंसे हुए थे। मंत्री विजय सिंह चौधरी ने देरी किए बिना स्थानीय लोगों की मदद से सबसे पहले कार को सीधा करवाया, ताकि उसमें सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इसके बाद उन्होंने कार सवार पति – पत्नी की स्थिति जानी, उन्हें ढांढस बंधाया और तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई।


मंत्री चौधरी ने मौके पर मौजूद लोगों को कार सवार दंपति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए ताकि उनकी सामान्य जांच की जा सके तथा जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस और चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित करवाई।

इस बारे में मंत्री विजय सिंह चौधरी ने बताया कि सड़क पर,हादसे का शिकार किसी भी व्यक्ति की मदद करना हम सबका नैतिक दायित्व है। ऐसे समय में इंसानियत सबसे ऊपर होती है। ईश्वर की कृपा से सभी सुरक्षित रहें, यही कामना है।

मंत्री ने मौके पर मौजूद लोगों से भी अपील की कि दुर्घटना होने पर घबराने के बजाय तुरंत सहायता करें और घायलों को समय पर उपचार दिलाने में सहयोग करें।

मौके पर उपस्थित ग्रामीणों व राहगीरों ने मंत्री के इस मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि एक संवेदनशील इंसान के रूप में आगे बढ़कर मदद की। यह घटना समाज में मानवता, जिम्मेदारी और सहयोग का सशक्त संदेश देती है।

आमजन का कहना है कि अक्सर नेता काफिले के साथ ऐसे हादसों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन विजय सिंह चौधरी ने रुककर जिस तरह एक आम नागरिक की तरह मदद की, वह वास्तव में जनप्रतिनिधि होने की सार्थकता को दर्शाता है।

error: News 1 Rajasthan