एंकर – डीडवाना – कुचामन जिले के मकराना थाना क्षेत्र के सुंथली गांव में बकरी चोरों की धुनाई का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गांव में संदिग्ध कैम्पर गाड़ी घूमती देख ग्रामीणों का शक गहराया और उन्होंने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कैम्पर चालक ने गांव की गलियों में तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ानी शुरू कर दी। ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी की, जिससे घिरने के बाद कैम्पर चालक ने गाड़ी को दीवार से टकराकर रोक दिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कैम्पर सवार दो युवकों की जमकर धुनाई कर दी। मारपीट के दौरान एक युवक मौके से भागने में कामयाब हो गया, जबकि दूसरे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर मकराना थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना पर पहुंची मकराना पुलिस ने मारपीट में घायल युवक का उपचार करवाया और उसे थाने लाकर पूछताछ शुरू की। मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक गच्छीपुरा थाना क्षेत्र के गांवों में बकरियां चुराने की फिराक में थे। वहां ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने के बाद वे भागकर सुंथली गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया।

थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों की कैम्पर गाड़ी पुलिस ने कब्जे में ले ली है साथ ही इस संबंध में गच्छीपुरा थाना पुलिस को भी सूचना दे दी गई है, हालांकि वहां अभी तक पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। फिलहाल मकराना थाना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश जारी हैं
