डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ व सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राजस्थान सरकार की पहल पर आउटसोर्स निजी कम्पनी क्रिसना डायग्नोस्टिक्स द्वारा पीपीपी मोड पर संचालित की जाने वाली मदर लैब का उद्घाटन भाजपा विधानसभा प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह जोधा ने किया । इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर तथा स्मारक पट्टिका का अनावरण कर मदर लैब का विधिवत लोकार्पण किया।

उद्घाटन समारोह में भाजपा के पूर्व ज़िलाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ओडिंट, भाजपा युवा मोर्चा ज़िलाध्यक्ष मनीष ओझा, भाजपा नेता प्रवीण तेजस्वी, सुरेश योगी, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह थेबड़ी, बांगड़ जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह शेखावत, लैब प्रभारी डॉ. सरिता नेत्रा, नर्सिंग अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद टाक, क्रिसना डायग्नोस्टिक्स कम्पनी के प्रतिनिधि दीपक बिसेन, लैब मैनेजर ऋषभ सिंह, मुकेश तुनवाल सहित चिकित्सालय का लैब स्टाफ उपस्थित रहा। कम्पनी की ओर से सभी अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत-अभिनन्दन किया गया।
इस मौके पर जितेन्द्र सिंह जोधा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने जिले में ही उपलब्ध हों। बांगड़ जिला अस्पताल में मदर लैब की शुरुआत से अब मरीजों को जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। 150 से अधिक प्रकार की जांचें 24 घंटे निःशुल्क मिलना, खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत है। यह लैब पूरे डीडवाना-कुचामन जिले के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार व क्रिसना डायग्नोस्टिक्स का आभार भी व्यक्त किया।

गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने क्रिसना डायग्नोस्टिक्स कम्पनी के साथ प्रदेशभर के राजकीय चिकित्सा केन्द्रों में जांच सेवाएं उपलब्ध कराने का करार किया है। इसी क्रम में डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में मदर लैब की स्थापना की गई है। अस्पताल में पूर्व से संचालित पैथोलॉजी लैब का सम्पूर्ण अधिग्रहण अब कम्पनी द्वारा कर लिया गया है और इसका संचालन पूरी तरह क्रिसना डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से किया जाएगा।
इस अत्याधुनिक मदर लैब के जरिए अब मरीजों को 150 प्रकार की जांचों की सुविधा 24 घंटे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध होगी। इससे पहले जिन विशिष्ट जांचों के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ता था, वे अब यहीं नि:शुल्क करवाई जा सकेंगी। समूचे डीडवाना-कुचामन जिले के विभिन्न अस्पतालों से विशेष जांचों के सैम्पल यहीं भेजे जाएंगे और जांच रिपोर्ट ऑनलाइन तैयार कर संबंधित अस्पतालों को भेजी जाएगी। स्थानीय रोगियों को भी उनकी जांच रिपोर्ट व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी।

उद्घाटन के बाद जितेन्द्र सिंह जोधा सहित सभी अतिथियों ने मदर लैब, रजिस्ट्रेशन काउंटर एवं सैम्पल संग्रहण केन्द्र का निरीक्षण किया। कम्पनी के अधिकारियों ने लैब की कार्यप्रणाली, सुविधाओं और तकनीकी क्षमताओं की विस्तृत जानकारी दी। यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने वाली साबित होगी।
