हरियाजून के गोपेश्वर महादेव मंदिर में संत गोपालदास महाराज की 51वीं बरसी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई

कुचामन सिटी के हरियाजून की टिकल्या पहाड़ी पर स्थित प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर में पूज्य संत स्वर्गीय गोपालदास महाराज की 51वीं बरसी प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गहरी श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में मनाई गई। दो दिवसीय धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

रात्रि जागरण व भजन संध्या में बही भक्ति की सरिता


बरसी के अवसर पर सोमवार रात्रि को मंदिर परिसर में भव्य जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में पालड़ी बालाजी के महंत गोपालदास महाराज, पांचोता मंदिर के महंत गिरधरदास महाराज, जीवनपुरी के महंत तथा भादी पीठ मंदिर के सुप्रसिद्ध गायक कलाकार श्रीकांत गौड़, हेमराज एवं पूरणमल ने भगवान शिव के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और देर रात तक वातावरण शिव भक्ति से सराबोर रहा। भोर तक चली इस भजन संध्या में आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं के साथ अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति रही। मंदिर के महंत शिवगिरी महाराज ने भजन कलाकारों का माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

आज समाधि स्थल पर विशेष पूजा, फूलों से सजा मंदिर परिसर


बरसी के दूसरे दिन आज मंदिर परिसर एवं पूज्य संत गोपालदास महाराज के समाधि स्थल को रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया। इसके पश्चात समाधि स्थल पर विधिवत विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने संत के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान वातावरण शांति, साधना और भक्ति भाव से परिपूर्ण नजर आया।

विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद


बरसी कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सेवा भाव और अनुशासन देखने को मिला, वहीं श्रद्धालुओं ने संत गोपालदास महाराज की तपस्या और सेवा भावना को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

व्यवस्थाओं में समिति व ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग


आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं सेवाभावी श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर भंवरलाल शर्मा, गोपाल शर्मा मंडावरा, भंवर ठोलिया, रामचंद्र पारीक, नेमाराम आंवला, रामदेव सवाईपुरा, धनराज गुर्जर, अभिमन्यु जोशी, सीताराम सोनी, अक्षय दवे, धनराज सोनी, महावीर शर्मा जूसरी, दुर्गासिंह सहित अनेक श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

बरसी समारोह के समापन पर श्रद्धालुओं ने संत गोपालदास महाराज के जीवन से प्रेरणा लेते हुए धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

error: News 1 Rajasthan