कुरैशी महासभा राजस्थान (र.) की डीडवाना–कुचामन देहात जिला इकाई ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। देहात जिला अध्यक्ष अब्दुल रहमान कुरैशी ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए जिले की सभी आठ तहसीलों में तहसील अध्यक्षों की नियुक्ति की है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अब्दुल रहमान कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष हाजी मकबूल मंडेलिया के निर्देशानुसार डीडवाना–कुचामन जिले की तहसीलों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि डीडवाना तहसील की जिम्मेदारी बाबू भाटी को सौंपी गई है, जबकि मौलासर में जाकिर खत्री, छोटी खाटू में सरवर कुरैशी, लाड़नूं में इरफान गौरी, नावां में अब्दुल हमीद कुरैशी, कुचामन में फजलु रहमान कुरैशी, मकराना में मोहम्मद इलियास कुरैशी तथा परबतसर तहसील में अबरार अहमद कुरैशी को तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कार्यकारिणी विस्तार के मौके पर देहात जिला अध्यक्ष अब्दुल रहमान कुरैशी ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होता है जब हर स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर नेतृत्व मिलने से समाज की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और समाधान करने में आसानी होगी। कुरैशी ने विश्वास जताया कि सभी नव-नियुक्त अध्यक्ष संगठन की नीतियों और उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए समाज को एकजुट रखने का कार्य करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि आगामी समय में जिला कार्यकारिणी में जिला सदस्यों की भी नियुक्ति की जाएगी। अब्दुल रहमान कुरैशी ने कहा कि कुरैशी महासभा लंबे समय से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, आपसी समानता और सामाजिक उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह संगठनात्मक विस्तार उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
