मकराना विधायक पर अभद्र टिप्पणी का मामला : वायरल वीडियो के खिलाफ कार्रवाई की मांग, विधायक ने सौंपी शिकायत

डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना में विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फैलाई जा रही मिथ्या और अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए मकराना वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल को विस्तृत प्रार्थना पत्र सौंपा। विधायक ने वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने शिकायत में बताया कि पिछले छह महीनों से मकराना थाना प्रभारी सुरेश कुमार सोनी और कॉन्स्टेबल लतीफ खां के खिलाफ क्षेत्र की जनता लगातार भ्रष्टाचार, धमकाने और पैसों की वसूली संबंधी शिकायतें लेकर उनके पास पहुंच रही थीं, जिन्हें उन्होंने उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया। जांच के बाद विजिलेंस कमेटी ने कॉन्स्टेबल लतीफ को लाइन हाजिर किया, जबकि थानाधिकारी सुरेश सोनी को मकराना थाने से हटाकर डीडवाना भेज दिया।

विधायक ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से नाराज इन दोनों पुलिसकर्मियों के परिजन और सम्बन्धित लोग अब उनसे व्यक्तिगत द्वेष रखते हुए उनके खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत बातें सोशल मीडिया पर फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को एक वीडियो उनके संज्ञान में आया, जिसमें लाडनूं निवासी आसिफ पुत्र शौकत खां कायमखानी—जो कॉन्स्टेबल लतीफ का रिश्तेदार बताया गया है—ने उन्हें बदनाम करने की नीयत से गलत, भ्रामक और असत्य आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किया।

विधायक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वीडियो वायरल करने वाला आसिफ अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसे लाडनूं थाना पुलिस कई बार गिरफ्तार कर चुकी है और जिसका संबंध बदमाश गैंगस्टरों से भी रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरा प्रकरण सुनियोजित षडयंत्र के तहत उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया है।

विधायक जाकिर गैसावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे झूठे और अपमानजनक वीडियो के चलते मकराना क्षेत्र में रोष व्याप्त है, और समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता विरोध दर्ज कराने को बाध्य हो सकती है। इसलिए वीडियो बनाने और वायरल करने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

मकराना विधायक ने यह प्रार्थना पत्र व्यक्तिगत रूप से मकराना वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल को सौंपकर उचित कार्रवाई की अपील की है। पुलिस अब इस गंभीर शिकायत की जांच में जुट गई है।

इस मामले में मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय से संबंधित प्रकरण की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

error: News 1 Rajasthan