राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष और डीडवाना के निवासी एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ आगामी 27 नवंबर को मस्कट, ओमान में आयोजित होने वाली फीबा एशियन लीगल कमेटी की अहम बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय बैठक का आयोजन इंटरनेशनल बास्केटबॉल फेडरेशन (FIBA) के बैनर तले किया जा रहा है, जिसमें एशिया के कई देशों के प्रतिनिधि बास्केटबॉल से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी और तकनीकी मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि इस बैठक के लिए एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो प्रदेश और देश दोनों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राठौड़ लंबे समय से बास्केटबॉल प्रशासन और कानूनी मामलों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखने का अवसर मिला है।
अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि यह बैठक एशियाई महाद्वीप में बास्केटबॉल के उत्थान और भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें खिलाड़ियों की पात्रता, नेचुरलाइज़ेशन नियमों की समीक्षा, आयु सत्यापन प्रक्रिया और राष्ट्रीय संघों में फीबा के दिशा-निर्देशों को संरेखित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भारत की ओर से अपनी बात मजबूती से रखना उनके लिए सम्मान की बात है और वे कोशिश करेंगे कि भारतीय खिलाड़ियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
राठौड़ के ओमान में प्रतिनिधि के रूप में शामिल होने की खबर से खेल जगत में खुशी का माहौल है। आरबीए चेयरमेन विक्रम सिंह शेखावत ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि राठौड़ का अनुभव भारतीय बास्केटबॉल के हित में महत्वपूर्ण साबित होगा। संगठन के सचिव देवेंद्र सिंह शेखावत ने भी प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राठौड़ हमेशा से खिलाड़ियों के हितों के लिए समर्पित रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।
राठौड़ को शुभकामनाएं देने वालों में राष्ट्रीय प्रशिक्षक भंवर सिंह राठौड़, पूर्व एसओ गजेंद्र सिंह राठौड़, ब्रह्मदेव शर्मा , महावीर ओझा, श्रीकांत क्लब अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़, मोहम्मद नईम, अशोक शर्मा, सुरेश कुमार, अमजद एच पठान, गुमान सिंह, रघुनाथ प्रसाद, अनंत शर्मा, विवेक रंजन सिंह, शकीला परिहार खान, मिनाक्षी जोशी और सुधा ओझा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी शामिल हैं, जिन्होंने राठौड़ को शुभकामनाएं भेजते हुए गर्व व्यक्त किया है।
