रुलानिया हत्याकांड में बड़ा अपडेट: जीतू चारण फिर से पुलिस रिमांड पर, रविन्द्र सिंह भेजा गया जेल

कुचामन सिटी के बहुचर्चित कारोबारी रमेश रुलानिया हत्याकांड में पुलिस जांच एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुँच गई है, आज रिमांड अवधि पूरी होने के बाद कुचामन पुलिस ने आरोपी जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू चारण और उसके सहयोगी रविन्द्र सिंह को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने केस की गंभीरता और लंबित पूछताछ को देखते हुए जीतू चारण को 26 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया, जबकि दूसरे आरोपी रविन्द्र सिंह को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया।

पुलिस ने अदालत से जीतू चारण की रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए तर्क दिया कि हत्याकांड से जुड़े कई अहम पहलुओं की पुष्टि अभी शेष है ,जैसे हथियार सप्लाई चेन, फंडिंग रूट, शूटर्स का स्थानीय नेटवर्क, और अपराध की साजिश में शामिल अन्य संभावित सहयोगी।

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को कुचामन में जिम के अंदर हुई फायरिंग में कारोबारी रमेश रुलानिया की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और एक नाबालिग को निरुद्ध किया जा चुका है। हाल ही में दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए जीतू चारण को गैंग की फंडिंग, हथियार उपलब्ध कराने और शूटर्स को सहूलियत देने का मास्टरमाइंड माना जाता है। रविन्द्र सिंह भी उसकी सहायता और समन्वय में भूमिका निभाता रहा है।
पिछले रिमांड के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आगे की पूछताछ आवश्यक समझी गई है।
कुचामन थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि आगामी रिमांड अवधि में कुछ बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है, जो पूरे गैंग तंत्र और हत्या की साजिश को और स्पष्ट कर सकते हैं।

error: News 1 Rajasthan