कुचामन सिटी के बहुचर्चित रमेश रूलानिया हत्याकांड के मास्टरमाइंड जीतू चारण को सोशल मीडिया पर फॉलो करने और उसका महिमामंडन करने वालों के खिलाफ डीडवाना–कुचामन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक सोशल मीडिया पर जीतू चारण को फॉलो कर रहे थे और उनकी गतिविधियाँ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत डीडवाना – कुचामन पुलिस लगातार उन लोगों की पहचान कर रही है जो सोशल मीडिया पर अपराधियों की छवि को आकर्षक दिखाने या उनके लिए समर्थन जुटाने का प्रयास करते हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया और वृताधिकारी मुकेश चौधरी की सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल सिंह की टीम ने दोनों युवकों के बारे में जानकारी सामने आने पर कार्रवाई करते हुए रविन्द्र सिंह और गणपत राम को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया है ।
पूरी कार्रवाई की शुरुआत तब हुई जब पुलिस की साइबर टीम को जांच के जरिएपता चला कि दोनों युवक जीतू चारण जैसे कुख्यात अपराधियों के सोशल मीडिया अकाउंट फॉलो कर रहे हैं । पुलिस की मॉनिटरिंग में रविन्द्र सिंह, निवासी कांकरिया कॉलोनी, कुचामन सिटी, और गणपत राम, निवासी शिव, चितावा, की संदिग्ध गतिविधियाँ भी सामने आईं।

कुचामन वृताधिकारी मुकेश चौधरी के अनुसार ऐसी गतिविधियाँ युवाओं को अपराध की ओर झुकाने का माध्यम बनती हैं और अपराधियों की गलत छवि को ग्लैमराइज करती हैं। इसी कारण पुलिस ने इस अभियान को शुरू किया है ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि अपराध और अपराधियों के किसी भी रूप में समर्थन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि क्या इन युवकों का अपराधियों से सीधा संपर्क था या वे किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं।
थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवकों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और यदि अपराधियों से किसी प्रकार का प्रत्यक्ष संबंध पाया जाता है तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने जिले के लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी गैंगस्टर या अपराधी का अनुसरण या प्रचार न करें ना ही उनके अकाउंट को फॉलो करें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों का महिमामंडन करने वाले सभी व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
