परबतसर उपखंड कार्यालय परिसर में बुधवार दोपहर अचानक अफरातफरी मच गई, जब एक नशे का आदी युवक शहर में नशे के कारोबार और जुआ-सट्टा बंद करवाने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। दोपहर करीब 2 बजे युवक रस्सी लेकर टंकी पर चढ़ा और ऊपर से सुसाइड की धमकी देते हुए पुलिस के आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गया।
युवक के टंकी पर चढ़ते ही तहसील परिसर में लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। स्थिति गंभीर देखते हुए तहसीलदार और उपखंड अधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर मकराना पुलिस उपाधीक्षक विक्की नागपाल और परबतसर थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और युवक को शांत कराने का प्रयास शुरू किया।

लगभग दो घंटे तक युवक टंकी पर डटा रहा। पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर उसे समझाया और आश्वासन दिया कि शहर में जहां कहीं भी नशे का कारोबार या जुआ-सट्टा चल रहा है, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद युवक नीचे उतरा। लोगों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है—युवक इससे पहले भी इसी प्रकार टंकी पर चढ़कर हंगामा कर चुका है।
ड्रामे के दौरान टंकी के ऊपर लगे बड़े मधुमक्खी के छत्ते से भी खतरा बना रहा, हालांकि वह नहीं उड़ा, वरना हालात और बिगड़ सकते थे। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने उसे शांति भंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
