पूरे प्रदेश की तरह डीडवाना – कुचामन जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण SIR अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर सोमवार को जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने जिला मुख्यालय डीडवाना स्थित विभिन्न मदरसों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा अनुदेशकों व बच्चों से संवाद किया तथा सभी शिक्षा व कंप्यूटर अनुदेशकों को अपने तथा परिवार के सदस्यों के “एन्यूमरेशन फॉर्म” ऑनलाइन भरने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कॉर्डिनेटर मोहम्मद नईम भी साथ रहे।

जीनगर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित Special Intensive Revision (SIR) कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को मजबूत और शुद्ध बनाना है। उन्होंने सभी मदरसा शिक्षा अनुदेशकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे Voter Service Portal के माध्यम से अनिवार्य रूप से स्वयं का व परिवार का एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भरें तथा यह सुनिश्चित करें कि यह कार्य समयबद्ध रूप से पूरा हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म भरने का वीडियो मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मदरसों का निरीक्षण, बच्चों से बातचीत और व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण दल ने मदरसा ताजविजुल कुरान, तहफिजूल कुरान, गरीब नवाज (बलिया रोड), रहमानिया, फैज ए आम, मोहम्मदिया (मदीना मस्जिद) तथा रहमानिया मदरसा का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों से मदरसा संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और चल रहे कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जीनगर ने मदरसों में उपलब्ध सुविधाओं, कक्षाओं की स्थिति, भोजन व्यवस्था और बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मदरसा प्रबंधन को सुझाव दिया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए जन सहयोग से विद्यार्थियों के लिए स्वेटर, ब्लेजर और गणवेश उपलब्ध करवाने के प्रयास तेज किए जाएं।
SIR अभियान में मदरसों की भूमिका अहम
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर ने स्पष्ट किया कि मदरसा शिक्षक समाज के एक महत्वपूर्ण वर्ग से जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी सक्रिय भागीदारी SIR अभियान को सफल बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अनुदेशक अपने परिचितों और समुदाय के लोगों को भी फॉर्म ऑनलाइन भरने के लिए प्रेरित करें।
