राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत बुधवार को जगदम्बा कॉलोनी स्थित सी.डब्ल्यू.आर. साईट पर श्रमिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर उन्हें सतर्क और सजग बनाना था।
कार्यक्रम में कैप के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन अनमोल है, इसलिए सभी श्रमिक साथी कार्य स्थल पर सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।” उन्होंने श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ दिलाई और कहा कि प्रत्येक श्रमिक अपने और अपने परिवार के लिए जिम्मेदार है, इसलिए कार्य करते समय हमेशा सुरक्षा के दायरे में रहना आवश्यक है।

कार्यक्रम में कैप की सविता शर्मा ने श्रमिकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत है जो न केवल हमारे परिवेश को बेहतर बनाती है बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करती है। उन्होंने कहा कि “अच्छा स्वास्थ्य ही अच्छे जीवन की नींव है, और इसका मूल मंत्र स्वच्छता है।”
सविता शर्मा ने सरकार द्वारा चलाई जा रही श्रमिक लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी दी, ताकि श्रमिक इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकें।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एल. एण्ड टी. के किशन सिंह ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी श्रमिकों ने सुरक्षा नियमों का पालन करने और कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल श्रमिकों को सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना था, बल्कि उन्हें स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी था।
