राजस्थान के शिक्षा जगत के लिए गौरव का क्षण रहा, जब डीडवाना–कुचामन ज़िले के कुचामन सिटी स्थित पीएमश्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के उपप्रधानाचार्य डॉ. भंवर लाल गुगड़ को दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान “भारत एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025” से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 5 नवम्बर को हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया, जिसका आयोजन AICTE (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा ब्रेनोविजन, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
डॉ. गुगड़ को यह सम्मान “ज्येष्ठ आचार्य” श्रेणी में शिक्षा, नवाचार, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में AICTE, भारत सरकार के मुख्य समन्वयक अधिकारी डॉ. बुद्धा चंद्रशेखर, भारत सरकार के वैज्ञानिक एवं सलाहकार प्रोफेसर शिवाजी चांद्रम, तथा तेलंगाना उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर वी. बालाकिश्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने डॉ. गुगड़ को यह सम्मान प्रदान किया।
शिक्षा और समाजसेवा का समन्वय
राजकीय शिक्षा सेवा में पिछले 18 वर्षों से कार्यरत डॉ. भंवर लाल गुगड़ ने न केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दिए हैं, बल्कि शिक्षण विधियों में नवाचार कर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की नई दिशा तय की है। उनके सैकड़ों विद्यार्थी आज शिक्षक, प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर, IAS और RAS जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।

डॉ. गुगड़ ने समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने स्वयं एवं विद्यालय के इको क्लब के सहयोग से अब तक 8000 से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण किया है।
शोध और नवाचार में अग्रणी
शिक्षा के साथ शोध को समर्पित डॉ. गुगड़ ने अब तक 36 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। वे शिक्षा के सतत उन्नयन, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर शोध कार्य कर रहे हैं। इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए उनकी 300 पृष्ठों से अधिक की प्रोफ़ाइल का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में एडवाइजरी बोर्ड की समीक्षा, पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों व सहकर्मियों की वोटिंग, स्कोरिंग और इंटरव्यू आधारित रैंकिंग शामिल रही।
देशभर से लगभग 3000 शिक्षाविदों, प्रोफेसरों, शोधकर्ताओं और उद्योग प्रतिनिधियों के नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 150 उत्कृष्ट व्यक्तित्वों को विभिन्न श्रेणियों में यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षाविदों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में देशभर के प्रमुख शिक्षाविद और वैज्ञानिक मौजूद रहे। इनमें जेएनटीयू काकीनाडा के कुलपति प्रोफेसर चेकुरी शिवरामकृष्ण प्रसाद, साइटो हेल्थकेयर हैदराबाद के संस्थापक निदेशक एवं सीईओ शंकर वेंकटा कृष्ण प्रसाद, वर्ल्ड एआई गवर्नेंस के अध्यक्ष डॉ. गुंडला नागराजु, ब्रेनोविजन के संस्थापक एवं सीईओ गणेश नाग डोडी, आंध्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पी.वी.जी.डी. प्रसाद रेड्डी, IIITDM कुर्नूल के निदेशक प्रोफेसर डी.वी.एल.एन. सोमयाजलु, इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन (तेलंगाना) की अध्यक्ष डॉ. बी. प्रभा शंकर, ONGC के पूर्व निदेशक प्रोफेसर रामकुमार मिश्रा, काकतीय ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ के अध्यक्ष ओ.एस.एस. प्रसाद, और NHS लंदन के डॉ. कामेश्वर राव माचा शामिल रहे।
राजस्थान के लिए गौरव का क्षण
“भारत एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड” देश में पिछले पाँच वर्षों से उन व्यक्तित्वों को दिया जा रहा है जो शिक्षा, शोध, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के क्षेत्र में असाधारण योगदान दे रहे हैं।
डॉ. भंवर लाल गुगड़ का यह सम्मान न केवल उनके अथक परिश्रम और समर्पण की पहचान है, बल्कि राजस्थान की शिक्षा जगत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई देने वाला गौरवमय क्षण भी है।
