कुचामन सिटी में श्रमिकों को पढ़ाया सुरक्षा और स्वच्छता का पाठ, आरयूआईडीपी के सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत हुआ श्रमिक जागरूकता शिविर


राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत कुचामन शहर में श्रमिक सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन एवं सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से किया गया। यह कार्यक्रम शहर में चल रही नई पेयजल वितरण प्रणाली और सीवरेज परियोजना के तहत एस.टी.पी. साइट पर कार्यरत श्रमिकों के बीच आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान कैप (CAP) के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने श्रमिकों को सुरक्षा के महत्व पर संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन अनमोल है, इसलिए प्रत्येक श्रमिक को कार्य स्थल पर सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए ही कार्य करना चाहिए।” उन्होंने सभी श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ दिलाई और उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने जीवन और परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स, बूट्स आदि न केवल दुर्घटनाओं से बचाते हैं, बल्कि कार्य की गुणवत्ता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम में कैंप की सविता शर्मा ने स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि “स्वच्छता एक अच्छी आदत ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल आधार है।” उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

इसके साथ ही एल एंड टी के प्रतिनिधि अनीश ने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण एवं लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिनसे श्रमिक वर्ग को सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित श्रमिकों ने सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं इसे अपने कार्यस्थल और दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

error: News 1 Rajasthan