कुचामन सिटी के बहुचर्चित रमेश रुलानिया हत्याकांड में गिरफ्तार चारों मुख्य आरोपियों का पुलिस रिमांड अब समाप्ति की ओर है। इसी बीच अब एक नया सवाल शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है । क्या जिला पुलिस अधीक्षक IPS ऋचा तोमर अपना वादा निभाएंगी?
दरअसल, डीडवाना–कुचामन जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने कुछ दिन पहले कुचामन थाने में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह कहा था कि गिरफ्तार चारों आरोपियों की शहर में परेड निकाली जाएगी, ताकि लोगों को संदेश मिल सके कि अपराधियों का अंजाम क्या होता है ।
अब जब चारों आरोपी — गणपत, महेश, धर्मेंद्र और जुबेर का पुलिस रिमांड 29 अक्टूबर को पूरा हो रहा है, तो जनता और व्यापारिक वर्ग दोनों यह जानना चाहते हैं कि क्या वाकई में एसपी ऋचा तोमर इस परेड के अपने वादे को निभाएंगी।

लोगों का कहना है कि जिस तरह कुछ समय पहले फिरौती प्रकरण में गिरफ्तार चार आरोपियों और रमेश रुलानिया केस से जुड़े सात सह-आरोपियों की परेड पूरे शहर में निकाली गई थी, उसी तरह अब मुख्य शूटर्स की परेड भी होनी चाहिए।
इस मामले को लेकर कुचामन शहर में चर्चा का माहौल है। कई लोगों का मानना है कि परेड निकाले जाने से जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ेगा और अपराधियों में भी भय का संदेश जाएगा।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या IPS ऋचा तोमर अपने वादे पर कायम रहती हैं और शहर की सड़कों पर इन चारों आरोपियों की परेड निकाली जाती है या नहीं।
