रमेश रुलानिया हत्याकांड में गिरफ्तार चारों आरोपियों को पुलिस ने कराया मौका तस्दीक

कुचामन के बहुचर्चित रमेश रुलानिया हत्याकांड मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। आज मंगलवार को कुचामन सिटी पुलिस ने गिरफ्तार चारों मुख्य आरोपियों को लेकर, वारदात स्थल पर मौका तस्दीक कराई। थानाधिकारी सतपाल सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम, आरोपियों के साथ उस जिम में पहुंची, जहां 7 अक्टूबर की अल सुबह कारोबारी रमेश रुलानिया की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मौके पर वारदात से जुड़ी हर बात की बारीकी से जांच की और आरोपियों से पूछताछ में बताई गई जानकारी की घटनास्थल पर पुष्टि की। सूत्रों के मुताबिक मौका तस्दीक के दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात की पूरी रीक्रिएशन कराई — किसने कहां खड़ा होकर गोली चलाई, कौन बाहर निगरानी कर रहा था और किस रास्ते से आरोपी भागे थे, इन सब बिंदुओं को जांच टीम ने मौके पर दोहरवाया।

इससे पहले पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि हत्या से पहले गणपत के खेत में हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली गई थी और गैंगस्टर वीरेंद्र चारण ने विदेश से वीडियो कॉल पर शूटर्स को फायरिंग की ट्रेनिंग दी थी। पुलिस ने इन बयानों की पुष्टि के बाद आज यह मौका तस्दीक की कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौका तस्दीक से मिले तथ्यों को जांच के साक्ष्य के रूप में दर्ज किया जाएगा।
वहीं, मामले में गिरफ्तार चारों मुख्य आरोपी — गणपत, महेश, धर्मेंद्र और जुबेर — को न्यायालय ने 29 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप रखा है। पुलिस अब वारदात के दौरान चली गोलियों और घटनास्थल पर मिले बुलेट मार्क्स का वैज्ञानिक विश्लेषण करवाकर यह जांचने की तैयारी में है कि रुलानिया को लगी गोली उन्हीं हथियारों से चली थी या नहीं।

फिलहाल पुलिस की जांच दिशा वारदात के उद्देश्य, साजिश और हथियारों की बरामदगी पर केंद्रित है।

error: News 1 Rajasthan