हाईकोर्ट के फैसले के बाद सरकार ने जारी किया आदेश — सुरेश सिखवाल फिर बने कुचामन नगर परिषद के सभापति


नगर परिषद कुचामन सिटी की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर हुआ है। हाईकोर्ट की डबल बेंच द्वारा आसिफ खान को मिले स्थगन आदेश को निरस्त करने के बाद, अब सरकार ने भी सुरेश सिखवाल को सभापति नियुक्त करने के औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा सोमवार 28 अक्टूबर 2025 को जारी आदेश संख्या 8910 के तहत सुरेश सिखवाल (पार्षद, वार्ड नं. 32) को कुचामन सिटी नगर परिषद (जिला–डीडवाना) का सभापति नियुक्त किया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति 60 दिनों की अवधि या राज्य सरकार द्वारा अन्य आदेश जारी होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। यह आदेश विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव पुनीतकुमार चंद्रशेखर द्वारा जारी किया गया है और इसे राज्यपाल की अनुमति से अनुमोदित किया गया है।

हाईकोर्ट के फैसले ने पलटी थी बाज़ी

इससे पहले हाईकोर्ट की डबल बेंच ने सुनवाई करते हुए पूर्व सभापति आसिफ खान को मिले स्टे ऑर्डर को रद्द कर दिया था।इस निर्णय के बाद स्वायत्त शासन विभाग को आदेश बहाल करने का मार्ग प्रशस्त हुआ, और अब विभाग ने सुरेश सिखवाल को पुनः सभापति पद पर बहाल करने का औपचारिक आदेश जारी कर दिया है।

वार्ड नंबर 30 में हुआ भव्य स्वागत

सरकारी आदेश की खबर मिलते ही सुरेश उर्फ बबलू सिखवाल के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।इस दौरान इलाई समाज द्वारा ब्रह्मपुरी में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्षद अयूब शेख, केडी शेख, सहित अनेक युवा मौजूद रहे।

सिखवाल ने कहा कि वे नगर के विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देंगे।सिखवाल ने बताया कि इस मामले में सरकारी पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश पंवार, अधिवक्ता मोनाल चुघ और अधिवक्ता आयुष गहलोत ने प्रभावी पैरवी की। राजेश पंवार की अनुभवी वकालत और तर्कपूर्ण दलीलों ने अदालत के समक्ष पूरा पक्ष मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को यह महत्वपूर्ण निर्णय अपने पक्ष में मिला।

कानूनी हलकों में कहा जा रहा है कि महाधिवक्ता पंवार की कुशल रणनीति और अनुभव ने मामले की दिशा ही बदल दी, जिससे नगर परिषद की सत्ता का पलड़ा एक बार फिर सुरेश सिखवाल की ओर झुक गया। DLB के इस आदेश के बाद फिर से सभापति बने सुरेश सिखवाल ने स्वायत्त शासन विभाग के मंत्री झाबर मल खर्रा और राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी का आभार जताया है

error: News 1 Rajasthan