डीडवाना राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं का स्तर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंदर चौधरी ने अपनी टीम के साथ मिलकर एक जटिल गर्भाशय (हिस्टरेक्टॉमी) सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की उत्कृष्टता का प्रमाण दिया है।

जटिल सर्जरी, मगर टीम ने बनाई आसान
45 वर्षीय श्यामपुरा (लाडनूं उपखंड) निवासी महिला लंबे समय से गर्भाशय संबंधी गंभीर समस्या से पीड़ित थीं। निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के कारण उपचार नहीं हो पा रहा था।

ऐसे में राजकीय बांगड़ अस्पताल में डॉ. अरविंदर चौधरी और उनकी टीम ने सफल सर्जरी कर मरीज को नया जीवन प्रदान किया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और अब वह स्वस्थ हैं।
सरकारी अस्पतालों में अब उपलब्ध हैं उच्च स्तरीय सुविधाएं
डॉ. अरविंदर चौधरी, जिन्होंने AIIMS दिल्ली, RNT मेडिकल कॉलेज उदयपुर और SP मेडिकल कॉलेज बीकानेर से प्रशिक्षण प्राप्त किया है, ने बताया कि यह ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन अनुभवी टीमवर्क और आधुनिक तकनीक की मदद से इसे सफल बनाया गया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में भी उच्चस्तरीय स्त्री रोग सर्जरी और उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आमजन को राहत मिल रही है।

इनफर्टिलिटी उपचार में भी विशेषज्ञता
डॉ. चौधरी ने इनफर्टिलिटी (बांझपन उपचार) में भी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनकी दक्षता, अनुभव और सहज व्यवहार के कारण मरीजों में सरकारी चिकित्सा सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है । उनकी अगुवाई में अब अस्पताल में स्त्री रोगों से संबंधित कई जटिल ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर ही किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने की सराहना
स्थानीय नागरिकों और मरीजों ने डॉ. चौधरी की मानवीय संवेदना, विशेषज्ञता और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने सरकारी अस्पताल की छवि को नई पहचान दी है। उन्होंने बताया कि अब लोग निजी अस्पतालों की बजाय राजकीय बांगड़ अस्पताल में भी भरोसे के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
