डीडवाना में किसानों की कस्टोडियन (कब्जा मुक्त) जमीन को सरकारी कार्यालयों के लिए जबरन आवंटित किए जाने के विरोध में अब किसान आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। इसी मुद्दे को लेकर किसान संघर्ष समिति और अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से 27 अक्टूबर 2025, सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट डीडवाना पर “कलेक्ट्रेट घेराव व आम सभा” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

किसान सभा के कॉमरेड अब्बास खान ने जानकारी दी कि किसानों की जमीनों पर सरकारी कब्जा किसानों की मेहनत और अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि “सरकार किसानों की जमीनों को अपने दफ्तरों और परियोजनाओं के नाम पर हड़पने की कोशिश कर रही है, जबकि यह जमीनें आजीविका का आधार हैं। डीडवाना के किसान अब और चुप नहीं रहेंगे।”

वहीं, किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधि कॉमरेड भगीरथ यादव ने बताया कि इस आंदोलन में हजारों किसान शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “कलेक्ट्रेट घेराव किसानों की आवाज बुलंद करने का ऐतिहासिक कदम होगा। अब समय आ गया है कि सरकार किसानों की जमीनें छीनने की बजाय उनके अधिकारों की रक्षा करे।”

इस आम सभा में सीकर सांसद कॉमरेड अमराराम, पूर्व राज्यसभा सांसद वृंदा करात और पूर्व विधायक कॉ. बलवान पूनिया मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे। साथ ही अखिल भारतीय किसान सभा की जिला इकाई, विभिन्न ब्लॉकों की इकाइयों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहेंगे।
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जबरन आवंटन की प्रक्रिया वापस नहीं ली, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
