कुचामन के हाई-प्रोफाइल रमेश रूलानिया हत्याकांड मामले में पुलिस की पहल,

कुचामन के हाई-प्रोफाइल रमेश रूलानिया हत्याकांड मामले में पुलिस की नई पहल

स्पेशल लोक अभियोजक की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू, जल्द कोर्ट में पेश होगा चालान

कुचामन सिटी में हुए हाई प्रोफाइल व्यापारी रमेश रूलानिया हत्याकांड मामले में पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। महज़ दस दिनों में चार मुख्य आरोपियों और आठ सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस ने इस केस की तेज़ सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल लोक अभियोजक (Special Public Prosecutor) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसपी ऋचा तोमर ने इस बारे में बताया कि पुलिस का लक्ष्य है कि यह मामला जल्द से जल्द न्यायिक प्रक्रिया में आगे बढ़े और मृतक के परिजनों को शीघ्र न्याय मिल सके। इसके लिए पुलिस जल्द चालान कोर्ट में पेश करेगी और कोर्ट से अनुरोध किया जाएगा कि इस केस की प्रतिदिन सुनवाई (day-to-day trial) की जाए।”

उन्होंने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। साथ ही, मामले से जुड़े सभी संदिग्धों और फरार आरोपियों — चाहे वे देश में हों या विदेश में — के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये है मामला

बीती 7 अक्टूबर की सुबह कुचामन सिटी के एक जिम में कारोबारी रमेश रूलानिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि यह वारदात फिरौती और गैंग क्राइम से जुड़ी थी, जिसकी जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग के सदस्य वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर ली थी।

पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में अब तक चार मुख्य आरोपी (धर्मेंद्र, गणपत, महेश और जुबैर अहमद) को गिरफ्तार किया है।साथ ही सात सहयोगी आरोपी और एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।

एसपी ऋचा तोमर ने कहा कि यह पूरा खुलासा एक टीम वर्क का परिणाम है। पुलिस की विभिन्न इकाइयों — साइबर सेल, एजीटीएफ और स्थानीय टीमों — ने मिलकर काम किया, जिससे इतने कम समय में इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा संभव हो सका।

error: News 1 Rajasthan