कुचामन सिटी थाने में दीपावली के मद्देनजर सीएलजी बैठक — एडिशनल एसपी खारिया बोले, “त्योहार खुशियों का हो, कानून व्यवस्था की परीक्षा का नहीं”

आगामी दीपावली पर्व को लेकर कुचामन सिटी थाना परिसर में आज सीएलजी (सिटीजन लिआज़न ग्रुप) सदस्यों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडिशनल एसपी नेमीचंद खारिया ने की। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक अरविंद कुमार व थाना अधिकारी सतपाल सिंह सहित थाना स्टाफ और सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में शहर में दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एडिशनल एसपी खारिया ने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक है, लेकिन असावधानी और अनुशासनहीनता इसे हादसों में बदल सकती है। ऐसे में पुलिस और नागरिक दोनों की जिम्मेदारी है कि शहर में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे।

पुलिस उपाधीक्षक अरविंद विश्नोई और थाना अधिकारी सतपाल सिंह ने सीएलजी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाएगा, ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो।सीएलजी सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और दीपावली के दौरान यातायात और भीड़ नियंत्रण में आमजन की जागरूकता पर जोर दिया।

बैठक के अंत में एडिशनल एसपी खारिया ने सभी सदस्यों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण दीपावली मनाने की शुभकामनाएं दीं।

error: News 1 Rajasthan