महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों पर महिला कांग्रेस घेरेगी सरकार को — प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी बोलीं: “सरकार पूरी तरह नाकाम, अब सड़कों पर उतरकर लेंगे जवाब”

राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी की अध्यक्षता में आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC), जयपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सभी जिलों की महिला कांग्रेस प्रतिनिधियां भी शामिल हुईं।

बैठक में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बलात्कार, दुष्कर्म, हत्या और उत्पीड़न के मामलों में हो रही लगातार बढ़ोतरी और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

सारिका चौधरी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हालात बेहद गंभीर होते जा रहे हैं, लेकिन सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता शून्य दिखाई दे रही है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा राजस्थान की महिलाएं आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हर दिन किसी न किसी बेटी के साथ हैवानियत हो रही है और सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है। यह साफ संकेत है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण दे रही है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

अपने संबोधन में सारिका चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल आंकड़ों की बाजीगरी में लगे हैं, जमीनी स्तर पर महिला सुरक्षा की कोई ठोस योजना नहीं है। थानों में महिलाएं अपनी एफआईआर तक दर्ज नहीं करवा पातीं, पीड़ितों को इंसाफ दूर की बात है । बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में महिला कांग्रेस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन और जनआंदोलन के रूप में सरकार को घेरने की रणनीति अपनाएगी।

इसके तहत हर जिला मुख्यालय पर ‘महिला सुरक्षा संकल्प यात्रा’, ‘घेराव प्रदर्शन’ और ‘मुख्यमंत्री को ज्ञापन अभियान’ चलाए जाएंगे। सारिका चौधरी ने कहा कि अगर सरकार ने तुरंत महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। हम सरकार को मजबूर करेंगे कि वह प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए और अपराधियों को सजा दिलाने की गारंटी दे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि महिला कांग्रेस स्थानीय स्तर पर कानूनी सहायता शिविर, महिला हेल्पलाइन मॉनिटरिंग और थाना विजिट अभियान चलाएगी ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में मदद मिल सके।

इस दौरान महिला कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी कि अगर सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर “बोलने से ज्यादा करने” की नीति नहीं अपनाई, तो आने वाले हफ्तों में प्रदेश भर में जोरदार विरोध प्रदर्शन होंगे।

error: News 1 Rajasthan