लाडनूं उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारड़ी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और नवाचार से विज्ञान जगत में नई पहचान बनाई है। डीडवाना में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मेले और इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी 2024-25 में शानदार प्रदर्शन कर इन छात्रों ने विद्यालय, ब्लॉक और गांव सारड़ी का नाम गर्व से ऊँचा किया।

विद्यालय के प्रभारी शिक्षक रशीद अहमद ने बताया कि डीडवाना के पीएमश्री सोनदेवी बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मेले में सारड़ी विद्यालय के आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से कोमल परिहार पुत्री बबलू ने दिव्यांगों के लिए नमी सचेतक बेड बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दीक्षा शर्मा पुत्री मनोहर लाल ने ऊँचाई मापक यंत्र प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा कोमल गुर्जर पुत्री सुल्तान गुर्जर ने सतत कृषि मॉडल के लिए तृतीय स्थान, पूनम पुत्री गौरीशंकर ने गणितीय मॉडल में तृतीय स्थान, और कोमल पुत्री कन्हैयालाल ने सीडब्ल्यूएसएन श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया

इसी क्रम में जायल के कठौती स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालय में आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी 2024-25 में विद्यालय के छात्र हंसमुख और खुशी परिहार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

विद्यालय के संस्था प्रधान ने सभी सफल विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि इन बच्चों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। समस्त विद्यालय परिवार ने विजेता छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
