बेटियों का कमाल: 14 वर्ष आयु वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में डीडवाना की टीम फाइनल में

​नवसृजित डीडवाना-कुचामन जिले की 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिका फुटबॉल टीम ने भीलवाड़ा में आयोजित हो रही 69वीं राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सुद्रासन गांव की एरीना सोकर अकादमी की इन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने न केवल अपने जिले का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि अपने बेजोड़ खेल कौशल से पूरे प्रदेश में डीडवाना का नाम रोशन किया है।

अजेय रहा डीडवाना-कुचामन का सफर

​डीडवाना-कुचामन जिले की इस टीम ने प्रतियोगिता में अब तक अजेय रहते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। टीम ने लीग और सुपर लीग के सभी मैचों में शानदार प्रदर्शन किया और सबसे खास बात यह रही कि पूरी प्रतियोगिता में किसी भी विपक्षी टीम को अपनी पोस्ट में एक भी गोल नहीं करने दिया, जबकि जवाबी कार्रवाई में इस टीम ने कुल 30 गोल दागे हैं।
​फाइनल में प्रवेश करने से पहले, टीम ने लीग मैचों में सीकर को 3-0 से, फलोदी को 5-0 से, खैरथल तिजारा को 11-0 से, और अजमेर को 2-0 से शिकस्त दी। इसके बाद सुपर लीग के मुकाबलों में भी टीम का विजय रथ नहीं रुका और बाड़मेर को 2-0 से, बीकानेर को 2-0 से और गंगानगर जिले की टीम को 4-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

फाइनल मुकाबला हनुमानगढ़ से

​अब खिताबी मुकाबला डीडवाना-कुचामन बनाम हनुमानगढ़ के बीच खेला जाएगा। डीडवाना के खेल संघों और खेल प्रेमियों ने टीम के इस प्रदर्शन पर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दी हैं। टीम की खिलाड़ी रुचिका, रितिका योगी, अक्षिता मेहरा, कल्पना, लक्षिता, पायल आदि ने अपने बेहतरीन तालमेल और दमखम से यह उपलब्धि हासिल की है।

​टीम की इस सफलता के पीछे शहर की मारवाड़ फुटबॉल अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी और कोच शादाब उस्मानी का समर्पण रहा है। डॉ. सोहन चौधरी ने सिर्फ शहर में ही नहीं, बल्कि सुद्रासन जैसे गांवों में भी फुटबॉल खेल को फिर से जीवंत किया है। वहीं, कोच शादाब उस्मानी ने काफी कम समय में इन बालिकाओं को उच्च स्तर का प्रशिक्षण देकर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से मारवाड़ फुटबॉल अकादमी और एरीना सोकर अकादमी दोनों को गौरवान्वित महसूस करवाया है।


​टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मारवाड़ फुटबॉल अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी ने कहा कि ​”हमारी बेटियों ने दिखा दिया है कि गांवों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सुद्रासन गांव की इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत के दम पर डीडवाना सहित पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल कायम की है। 30 गोल मारना और एक भी गोल न खाना, यह बताता है कि हमारा डिफेंस और अटैक कितना मजबूत है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी ये बेटियां फाइनल जीतकर डीडवाना-कुचामन जिले को पहला राज्य स्तरीय खिताब दिलाएंगी।”

जिला फुटबॉल संघ के सचिव ​फरहत अली ने कहा कि ​”यह जीत सिर्फ इन खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि नव निर्मित डीडवाना-कुचामन जिले के खेल इतिहास के लिए एक मील का पत्थर है। इन बालिका खिलाड़ियों ने अपने खेल हुनर से जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।”


जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष ​शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि ​”कोच शादाब उस्मानी की देखरेख में इन बालिकाओं का प्रदर्शन असाधारण रहा है। उन्होंने बहुत ही कम समय में फुटबॉल के प्रति एक नई अलख जगाई है। संघ की ओर से हम सभी खिलाड़ियों को फाइनल के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उन्हें हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”


​इस उपलब्धि पर शहर के अनेक खेल संघों के पदाधिकारियों ने भी बालिका खिलाड़ियों को शुभकामनाएं व उनके उज्वल भविष्य की कामना की है।

error: News 1 Rajasthan